पीएम मोदी को ग्रीस ने दिया दूसरा सबसे बड़ा सम्मान, जानिए दौरे की खास बातें
पीएम मोदी इस वक्त ग्रीस के एकदिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान नरेंद्र मोदी को दूसरे सबसे बड़े सम्मान से सम्मानित किया गया है। ग्रीस की राष्ट्रपति कैटरीना एन सकेलारोपोउलू ने पीएम मोदी को 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया।
पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले संभवतः पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।'ऑर्डर ऑफ ऑनर' का ग्रैंड क्रॉस ग्रीस के राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्रियों और प्रतिष्ठित हस्तियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपनी विशिष्ट स्थिति के कारण ग्रीस के कद को बढ़ाने में योगदान दिया है।

सम्मान पाने के बाद पीएम मोदी ने ग्रीस के राष्ट्रपति और वहां के लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि ग्रीस के लोगों में भारत के प्रति कितना सम्मान है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट कर इस सम्मान के लिए ग्रीस का धन्यवाद किया है। उन्होंने लिखा, ''मुझे ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर से सम्मानित करने के लिए मैं राष्ट्रपति कतेरीना एन. सकेलारोपोलू, ग्रीस की सरकार और लोगों को धन्यवाद देता हूं। ये ग्रीस के लोगों का भारत के प्रति सम्मान दर्शाता है।''
पीएम मोदी ने कहा कि 40 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भारत के किसी प्रधानमंत्री का ग्रीस आना हुआ है। फिर भी, न तो हमारे संबंधों की गहराई कम हुई है, न ही रिश्तों की गर्मजोशी में कोई कमी आई है। ग्रीस और भारत दुनिया की 2 पुरातन सभ्यताओं, 2 पुरातन लोकतांत्रिक विचारधाराओं और 2 पुरातन व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों के बीच एक स्वाभाविक मेल है। हमारे रिश्ते की बुनियाद प्राचीन और मजबूत है।
ऑर्डर ऑफ ऑनर की स्थापना 1975 में की गई थी। ऑर्डर ऑफ ऑनर का ग्रैंड क्रॉस ग्रीस के राष्ट्रपति की ओर से प्रधानमंत्रियों और प्रतिष्ठित हस्तियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपनी विशिष्ट स्थिति के कारण ग्रीस के कद को बढ़ाने में योगदान दिया है।
ग्रीस ने कहा कि इस यात्रा के अवसर पर, ग्रीक राज्य भारत के प्रधानमंत्री का सम्मान करता है। प्रशस्ति पत्र में ग्रीस की ओर से कहा गया कि वे एक ऐसे राजनेता हैं जिन्होंने अपने देश की वैश्विक पहुंच को बढ़ावा दिया है और जो भारत की आर्थिक प्रगति और समृद्धि के लिए व्यवस्थित रूप से काम करते हैं, साहसिक सुधार लाते हैं। एक राजनेता जो पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष प्राथमिकताओं में लेकर आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications