ग़ुस्सैल अमरीकी सांड के सामने खड़ी लड़की

वॉल स्ट्रीट के 11 फुट के सांड के सामने चार फ़ीट की लड़की का दम.

वॉल स्ट्रीट बुल और एक लड़की का स्टेच्यू
Reuters
वॉल स्ट्रीट बुल और एक लड़की का स्टेच्यू

नथुने फुलाए, खुर पटकता, सींग ताने हमला करने को तैयार 3200 किलो का एक सांड पिछले अठाईस सालों से न्यूयॉर्क में अमरीकी शेयर बाज़ार वॉल स्ट्रीट के बाहर अमरीका की मर्दानगी की निशानी बन कर खड़ा है.

टूरिस्ट गाइड दुनिया के कोने-कोने से आए, हर घिसे-पिटे जोक पर दांत निकालने को तैयार और सड़क पर गिरे केले के छिलके तक की तस्वीर लेने को बेकरार पर्यटकों से कहते हैं अगर आप इस सांड की नाक, उसके सींग और पिछली टांगों के बीच झूलती मर्दानगी को सहलाएं तो शेयर बाज़ार से लेकर बेडरूम तक बस बरक्कत ही बरक्कत होगी.

और यक़ीन मानिए लोग पूरे जतन के साथ ऐसा करते हैं.

महिला दिवस पर अमरीका में महिलाओं की हड़ताल

अमरीकी सैनिकों ने महिला सहकर्मियों की नंगी तस्वीरें पोस्ट की, जांच शुरू

वॉल स्ट्रीट पर लडकी की स्टेच्यू
Reuters
वॉल स्ट्रीट पर लडकी की स्टेच्यू

लेकिन आठ मार्च यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उस 11 फ़ुट के सांड के सामने कमर पर हाथ रखे, हवा में लहराती पोनीटेल वाली चार फ़ीट लंबी बच्ची की मूर्ति बिल्कुल झांसी की रानी वाले अंदाज़ में खड़ी कर दी गई.

ये आइडिया था एक इनवेस्टमेंट कंपनी स्टेट स्ट्रीट ग्लोबल ऐडवाइज़र्स की मार्केटिंग टीम का और पैग़ाम था कि सांडों से भरे हुए अमरीकी कार्पोरेट जगत में अपनी जगह बनाने के लिए महिलाशक्ति तैयार है.

क्या मार्केटिंग आइडिया था सरजी! मतलब कैसे बखान करूं मैं.

वॉल स्ट्रीट पर लडकी की स्टेच्यू
Reuters
वॉल स्ट्रीट पर लडकी की स्टेच्यू

वो सचिन तेंदुलकर की स्ट्रेट ड्राइव याद है? जब बल्ले की सबसे प्यारी जगह पर वो चमड़े की सिलाई वाली गेंद टकराती थी और बिल्कुल बिस्मिल्ला ख़ान साहब की शहनाई की गूंज़ के साथ बाउंड्री के पार. फ़ील्डर्स अपनी जगह से हिल भी नहीं पाते थे और तालियों की गड़गड़ाहट के बाद पता चलता था कि हुआ क्या.

तो बस कुछ ऐसा ही हुआ वहां भी. सेल्फ़ी लेनेवालों की कतार लग गई, सोशल मीडिया पर आग लग गई, नेशनल, इंटरनेशनल सब जगह ज़िक्र उस लड़की का और साथ ही स्टेट स्ट्रीट ग्लोबल एडवाइज़र्स का.

वॉल स्ट्रीट पर लडकी की स्टेच्यू
Getty Images
वॉल स्ट्रीट पर लडकी की स्टेच्यू

एक अफ़्रीकी पर्यटक का बयान: इस मूर्ति को देखकर मेरी बेटी को हिम्मत मिलेगी कि वो किसी से भी टक्कर ले सके.

वाह, वाह, वाह तालियां!

एक छोटी सी लड़की महिलाओं को उनका हक़ दिलवाने में कामयाब हो गई है.

अब बोर्डरूम से बेडरूम तक महिलाओं की चलेगी, उन्हें मर्दों के बराबर वेतन मिलेगा, वो क्या पहनेंगी, वो क्या सोचेंगी इस पर उनका हक़ होगा.

मैटरनिटी लीव पर जानेपर उनकी नौकरी ख़तरे में नहीं पड़ेगी, उनकी हां का मतलब हां होगा और ना का मतलब ना.

फ़ेसबुक पर अपने साथ काम करनेवाली महिलाओं की नग्न तस्वीर डालनेवाले अमरीकी फ़ौजी हों या उन्हें कहीं भी पकड़ने-जकड़ने का दावा बड़े शान से करनेवाले उनके कमांडर इन चीफ़, सबकी बोलती बंद हो जाएगी.

आसार अभी से अच्छे नज़र आने लगे हैं. एक ताज़ातरीन सर्वे की मानें तो मेलानिया ट्रंप की लोकप्रियता पति नंबर वन से उपर चली गई है.

हिलेरी क्लिंटन
AFP
हिलेरी क्लिंटन

जब हिलेरी क्लिंटन की रेटिंग ट्रंप साहब से ऊपर जाती थी तो क्या नथुने फड़काते थे वो. कभी कपटी हिलेरी तो कभी बिल क्लिंटन के कुकर्मों की भागीदार का नाम लेते थे. रेटिंग छापने वालों को फ़ेक न्यूज़ और बेईमान मीडिया का नाम देते थे.

अब मेलानिया की रेटिंग पर अब वो नथुने फड़काते हुए व्हाइट हाउस में अकेले घूम रहे हैं या मेलानिया न्यूयॉर्क के ट्रंप टावर में मुस्कुरा रही हैं ये तो उनकी ट्वीट से ही पता चलेगा.

मेलानिया ट्रंप
Reuters
मेलानिया ट्रंप

लेकिन ये वक्त महिलाओं को बधाई देने का है. मुबारक हो, आपकी जंग खत्म हुई. अमरीका ने आपकी सारी परेशानी एक झटके में हल कर दी है.

भारत में बचपन से ही दुर्गा की मूर्ति देख रहे महिषासुरों पर जो असर नहीं हो सका वो वॉल स्ट्रीट की इस मूर्ति से हो जाएगा.

इस बार की होली पर आप बेखौफ़ घूमें, एक तो कोई बदतमीज़ी करेगा नहीं और करेगा तो बस उसे उस लड़की की तस्वीर दिखा दें. हैप्पी होली!

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+