इजरायल पहुंचे जर्मन चांसलर, बेंजामिन नेतन्याहू ने समर्थन के लिए जताया आभार, बोले- पूरा विश्व हमें सपोर्ट करें
German Chancellor Olaf Scholz in Israel: इजरायल और हमास के बीच भीषण युद्ध जारी है। इजरायल लगातार हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इजरायल ने हमास को पूरी तरह से खत्म करने का संकल्प ले लिया है। लगातार हमास पर हवाई हमला कर रहा है। इस बीच मंगलवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने संयुक्त रूप से बयान जारी किया है।
बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमास के इस हमले की पूरी दुनिया को निंदा करनी चाहिए। साथ ही हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई में इजरायल का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने इजरायल का समर्थन करने के लिए जर्मन चांसलर को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि पूरी दुनिया इसे समझे।

पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह ईरान, हिजबुल्लाह और हमास की बुराई की धुरी का एक हिस्सा है। उनका लक्ष्य इजरायल को खत्म करना है। हमास का लक्ष्य यहूदियों को मारना है। उन्होंने कहा कि अगर हमास चाहते और उसके पास क्षमता होती तो हम सबको मार डालते, लेकिन उसके पास पावर नहीं है। लेकिन उसने हमारे 1300 नागरिकों की हत्या कर दी।
वहीं, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने कहा कि हम उन सभी इजरायलियों के भयानक दुःख को महसूस करते हैं जिनके माता-पिता, भाई-बहन और बच्चे इस बर्बर हमले में मारे गए। हम उन सभी की असहनीय चिंता को साझा करते हैं जिनके परिवार के सदस्यों को उनकी रोजमर्रा की जिंदगी से छीन लिया गया और बेरहमी से अपहरण कर लिया गया। उन्होंने कहा कि इनमें से कई अपहृत जर्मन भी हैं और हमारा ध्यान उन पर और अन्य सभी बंधकों पर है। हम उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
जर्मन चांसलर ने कहा कि मैंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि किसी को इस संघर्ष में बाहर से हस्तक्षेप करना अच्छा विचार नहीं समझना चाहिए। यह एक गंभीर, अक्षम्य गलती होगी। हाल के दिनों में हमने विभिन्न चैनलों के माध्यम से यह संदेश सभी को दिया है।












Click it and Unblock the Notifications