बदला ले रहे बाइडेन या डोनाल्ड ट्रंप बन रहे पीड़ित? जानिए कैसे जेल से बन रहा व्हाइट हाउस का रास्ता
Donald Trump News: डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ चौथे आपराधिक अभियोग ने संयुक्त राज्य अमेरिका में राजनीतिक हालातों को बदलना शुरू कर दिया है और सवाल ये है, कि क्या डोनाल्ड ट्रंप अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में अपनी दावेदारी जता पाएंगे या नहीं? विश्लेषकों का कहना है, कि रिपब्लिकन पार्टी के 2024 के नामांकन के लिए पूर्व राष्ट्रपति के जेल जाने या उनके खिलाफ चल रहे मुकदमों का तत्काल प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।
जॉर्जिया राज्य में 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को बदलने का जो आरोप डोनाल्ड ट्रंप और उनके 18 सहयोगियों के खिलाफ लगाए गये हैं, उनको लेकर डोनाल्ड ट्रंप बार बार अपने वोटर्स को बता रहे हैं, कि उन्हें बाइडेन प्रशासन पक्षपातपूर्ण राजनीति और अमेरिकी अभिजात वर्ग निशाना बना रहा है। डोनाल्ड ट्रंप, वोटरों के बीच खुद को एक पीड़ित की तरह पेश कर रहे हैं, जिससे राजनीतिक बदला लिया जा रहा है।

सबसे खास बात ये है, कि डोनाल्ड ट्रंप के वोटर्स उनकी बातों पर यकीन भी कर रहे हैं।
अलजजीरा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, निस्कैनन सेंटर थिंक टैंक के उपाध्यक्ष जेफ्री काबासर्विस ने कहा, कि यह एक ऐसा दृष्टिकोण है, जिसे उनके समर्थकों ने बड़े पैमाने पर अपनाया है, जिससे यह संभावना नहीं है, कि जॉर्जिया के आरोप, या फिर उनके ऊपर लगे पहले के आरोप, चुनाव में ट्रम्प के समर्थन को नुकसान पहुंचाएंगे।
काबासर्विस ने कहा, कि "वास्तविकता यह है, कि ये अभियोग केवल रिपब्लिकन पार्टी के अंदर और अमेरिकी वोटरों के बीच उनकी पकड़ को और ज्यादा मजबूत करते हैं।"
उन्होंने कहा, कि "उनके राष्ट्रपति बनने से पहले ही, उनके अनुयायियों ने फैसला कर लिया था, कि वह उनके चैंपियन हैं।" उन्होंने कहा, कि "ट्रम्प ने चुनाव लड़ने से पहले ही कहा था, कि वह [न्यूयॉर्क शहर में] फिफ्थ एवेन्यू में जा सकते हैं, या अगर वो किसी को गोली मार देते हैं, फिर भी लोग उनका समर्थन करेंगे, और मुझे लगता है कि यह साबित हो गया है।"

हर एक आरोप ट्रंप का इनकार
डोनाल्ड ट्रम्प, जिन्होंने अपने खिलाफ लगाए गये सभी मामलों में, किसी भी गलत काम से इनकार किया है, वो रिपब्लिकन नामांकन की दौड़ में स्पष्ट रूप से सबसे आगे हैं। फाइव थर्टीआठ वेबसाइट के मुताबिक, वो अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस से 38 प्रतिशत अंकों से आगे हैं।
पोल एग्रीगेटर ने पाया है, कि इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में एक एडल्ट फिल्म स्टार को गुप्त तरीके से भुगतान करने से संबंधित आरोपों पर ट्रम्प पर पहला अभियोग लगाए जाने के बाद, रिपब्लिकन के बीच ट्रम्प का समर्थन तेजी से बढ़ा है।
वेबसाइट ने कहा, कि क्लासीफाइट दस्तावेजों को संभालने से संबंधित एक संघीय मामले में, जून में उनके खिलाफ लगाए गये दूसरे अभियोग के बाद रिपब्लिकन समर्थन में कुछ हद तक गिरावट आई थी और 2020 के चुनाव को विफल करने के प्रयासों से संबंधित संघीय आरोपों पर उनके तीसरे अभियोग के मद्देनजर यह समर्थन थोड़ा और कम हो गया।
लेकिन, ऑब्जर्वर्स का कहना है, कि इसके बावजूद डोनाल्ड ट्रंप अपने समर्थकों के बीच काफी ज्यादा लोकप्रिय हैं और रिपब्लिकन पार्टी उन्हें टिकट देने के लिए मजबूर हो सकती है और चुनावी मैदान में डोनाल्ड ट्रंप को इस बार हराना, बाइडेन के लिए काफी ज्यादा मुश्किल होने वाला है।
कई चुनावी सर्वेक्षणों में कहा गया है, कि अगर 2024 में ट्रंप बनाम बाइडेन की लड़ाई होती है, तो ये मुकाबला कांटे की टक्कर का हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications