जेल में नवाज शरीफ की तबियत हुई खराब, डॉक्टरों ने कहा तुरंत एडमिट करने की जरूरत
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की तबियत में लगातार गिरावट जारी है। जो डॉक्टर उनकी सेहत की देखभाल कर रहे हैं उनका कहना है कि नवाज शरीफ डीहाइड्रेशन, खून में यूरिया की समस्या से जूझ रहे हैं। जेल में नवाज शरीफ की तमाम डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। एक डॉक्टर का कहना है कि नवाज शरीफ के मूत्र में यूरिया का स्तर खतरनाक स्थिति तक पहुंच चुका है, इसके साथ ही उनका हार्ट रेड भी काफी ज्यादा बढ़ गया है, जिसकी वजह से उन्हें तुरंत अस्पताल में शिफ्ट किए जाने की जरूरत है।

आपको बता दें कि नवाज शरीफ भ्रष्टाचार के दोषी साबित किए जाने के बाद पाकिस्तान की जेल में बंद हैं। इससे पहले वह लंदन में थे, लेकिन उन्होंने पाकिस्तान में आकर खुद को पुलिस के हवाल किया। शरीफ के साथ उनकी बेटी मरियम नवाज भी भ्रष्टाचार की दोषी साबित हुई हैं और वह भी जेल में बंद हैं। इससे पहले भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम नवाज को कोर्ट से राहत नहीं मिली थी। नवाज शरीफ और उनकी बेटी ने सोमवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की थी, जिसे आज कोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट के इस आदेश के बाद नवाज और उनकी बेटी 25 जुलाई को होने वाले चुनाव से पहले अब जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की भ्रष्टाचार रोकथाम एजेंसी एनएबी (नेशनल एकाउंटेब्लिटी ब्यूरो) ने एवनफील्ड में इन दोनों को 13 जुलाई को लाहौर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। भ्रष्टाचार के मामले में शरीफ को 10 साल की सजा हुई है। नवाज के साथ उनकी बेटी को भी 7 साल और उनके पति को 1 साल की सजा सुनाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications