Australian Senator: कौन हैं बैरिस्टर वरुण घोष? जिन्होंने भगवद गीता पर हाथ रखकर ली शपथ
Indian-origin Australian Senator Varun Ghosh: ऑस्ट्रेलिया की सीनेट में भारतवंशी बैरिस्टर वरुण घोष नए सीनेटर नियुक्त किए गए हैं। वरुण घोष मंगलवार को भगवद गीता पर शपथ लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई संसद के पहले सदस्य बने हैं।
पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के वरुण घोष को विधान परिषद ने उन्हें संघीय संसद की सीनेट में ऑस्ट्रेलियाई राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना है। ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने वरुण घोष का स्वागत करते हुए कहा, "लेबर सीनेट टीम में आपका होना अद्भुत है।"

पेनी वोंग ने एक्स पर पोस्ट किया, "पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया से हमारे नवीनतम सीनेटर वरुण घोष का स्वागत है। सीनेटर घोष भगवद गीता पर शपथ लेने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई सीनेटर हैं। मैंने अक्सर कहा है, जब आप किसी चीज में प्रथम होते हैं, तो आपको यह सुनिश्चित करना होता है कि आप अंतिम न हों।''
उन्होंने कहा, "मैं जानती हूं कि सीनेटर घोष अपने समुदाय और पश्चिम आस्ट्रेलियाई लोगों के लिए एक मजबूत आवाज होंगे।" ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री एंथनी अल्बानीज ने भी वरुण घोष को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया से हमारे नए सीनेटर वरुण घोष का स्वागत है। टीम में आपका होना शानदार है।" पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की विधानसभा ने एक्स पर यह घोषणा की है, "विधानसभा और विधान परिषद ने संघीय संसद की सीनेट में पश्चिमी आस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने के लिए वरुण घोष को चुना है।"
बीती सदी के नौवें दशक में वरुण के माता-पिता भारत से ऑस्ट्रेलिया में आकर बस गए थे। वरुण 17 वर्ष की उम्र में पर्थ में लेबर पार्टी में शामिल हुए थे। 2019 के संघीय चुनाव में वरुण लेबर पार्टी के सीनेट टिकट पर पांचवें स्थान पर रहे, लेकिन निर्वाचित नहीं हो सके।
वरुण घोष ने पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया विश्वविद्यालय से कला और कानून में डिग्री प्राप्त की और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में कानून में राष्ट्रमंडल स्कॉलर थे। शुरू में न्यूयॉर्क में उन्होंने वित्त अटॉर्नी के रूप में काम किया और वाशिंगटन डीसी में विश्व बैंक के लिए सलाहकार रहे। 2015 में किंग एंड कंपनी के वरिष्ठ सहयोगी के रूप में वह आस्ट्रेलिया लौट आए।












Click it and Unblock the Notifications