कोरोना वायरस वैक्सीन: रूस ने आम लोगों के लिए जारी किया Sputnik V का पहला बैच
मॉस्को। दुनियाभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच रूस ने कोरोना वायरस के खिलाफ बनाई गई वैक्सीन स्पूतनिक-वी को आम नागरिकों के लिए जारी कर दिया है। अब क्षेत्रीय आधार पर वैक्सीन की डिलीवरी की भी योजना है। इस बात की जानकारी रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है। ये वैक्सीन रूस के गमलेया रिसर्च इंस्टिट्यूट (Gamaleya Research Institute) और रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (RDIF) द्वारा विकसित की गई है।
Recommended Video

जरूरी क्वालिटी टेस्ट पास किया
एक बयान में मंत्रालय ने कहा है, 'कोरोना वायरस से बचाव के लिए विकसित की गई स्पूतनिक-वी वैक्सीन के पहले बैच ने लैब में चिकित्सा उपकरण नियामक के लिए जो जरूरी क्वालिटी टेस्ट था, उसे पास कर लिया है। जिसे अब सिविल सर्कुलेशन (आम जनता) में जारी कर दिया गया है।' आपको बता दें रूसी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड-19 के खिलाफ विकसित की अपनी पहली कोविड-19 वैक्सीन स्पूतनिक वी को 11 अगस्त को पंजीकृत किया था। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने रविवार को उम्मीद जताई है कि राजधानी के अधिकांश लोगों को कुछ महीनों के भीतर वैक्सीन लगाई जाएगी।

क्षेत्रीय आधार पर होगी डिलीवरी
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, रूसी वैक्सीन के पहले बैच की क्षेत्रीय आधार पर निकट भविष्य में डिलीवरी कर दी जाएगी। बता दें कोरोना वायरस के खिलाफ बनाई गई दुनिया की इस पहली वैक्सीन को सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इसपर विशेषज्ञों ने कई तरह के सवाल भी उठाए थे। उन्होंने कहा था कि वैक्सीन को समुचित परीक्षण के बिना ही मंजूरी दी गई है और वैक्सीन विकसित करने की रेस में रूस खुद को आगे रखने के चक्कर में मानकों से समझौता कर रहा है। वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन के वैज्ञानिकों ने कहा था कि बेशक उन्होंने वैक्सीन को लेकर रूस से बात की है लेकिन उन्हें अभी तक विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्या कहा था?
इससे पहले 11 अगस्त को वैक्सीन को मंजूरी मिलने की घोषणा करते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि उनकी दो बेटियों में से एक को वैक्सीन दी गई है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन आवश्यक परीक्षणों से गुजरी है और कोरोनो वायरस को हराने के लिए प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत कर रही है। हालांकि रूसी अधिकारियों ने ऐसी कोई जानकारी साझा नहीं की है जो इस दावे का समर्थन कर सके कि वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी है।












Click it and Unblock the Notifications