दुशांबे: SCO की बैठक से अलग विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चीनी समकक्ष वांग यी से की मुलाकात
दुशांबे, 17 सितंबर। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में एससीओ शिखर सम्मेलन के इतर चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की। इस बैठक में एस जयशंकर ने इस बात पर जोर दिया कि पूर्वी लद्दाख में सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया में प्रगति शांति बहाली के लिए आवश्यक है। बता दें कि विदेश मंत्री एस जयशंकर विदेश मंत्री एस जयशंकर में शामिल होने के लिए दुशांबे पहुंचे हैं। यहां उन्होंने ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमली रहमान से भी मुलाकात की।

चीनी विदेश मंत्री से मुलाकात की जानकारी खुद एस जयशंकर ने ट्वीट कर दी। उन्होंने लिखा, 'चीन के विदेश मंत्री से दुशांबे में एससीओ की बैठक से इतर मुलाकात हुई। अपने सीमावर्ती क्षेत्रों से सैनिकों की वापसी पर चर्चा की और यह रेखांकित किया कि शांति बहाली के लिए यह बेहद जरूरी है और यह द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति का आधार है।' मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एससीओ की बैठक के बाद दोनों पक्षों ने वैश्विक घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान किया। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि भारत सभ्यताओं के टकराव संबंधी किसी भी सिद्धांत का पालन नहीं करता।
यह भी पढ़ें: एस जयशंकर बोले- नए दौर में जा रहे अंतरराष्ट्रीय संबंध, इंडो-पैसिफिक रीजन में दिखेगा खास असर
एक अन्य ट्वीट में चीन को संदेश देते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लिखा, 'यह भी आवश्यक है कि भारत के साथ अपने संबंधों को चीन किसी तीसरे देश की निगाह से नहीं देखे। जहां तक एशियाई एकजुटता की बात है तो चीन और भारत को उदाहरण स्थापित करना होगा।' चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात के बाद एस जयशंकर ने ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमली रहमान से भी मुलाकात की। इस दौरान उनके बीच अफगानिस्तान में तालिबान संकट को लेकर भी चर्चा हुई। अपने ट्वीट में एस जयशंकर ने बैठक के लिए राष्ट्रपति इमोमली रहमान को धन्यवाद दिया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं।












Click it and Unblock the Notifications