चीन में तेजी से फैल रही एक और रहस्यमयी बीमारी से हाहाकार, सिर्फ बच्चों को बना रहा अपना शिकार
पूरी दुनिया अभी भी कोरोना के दुष्प्रभावों से जूझ रही है। यहां तक कि चीन में अभी भी कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ते नजर आए हैं। इस बीच, चीन में एक और बीमारी तेजी से फैल रही है। इस रहस्यमयी निमोनिया के फैलने की वजह से देश एक और संभावित आपातकाल के खतरे का सामना कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन के स्कूलों में रहस्यमयी निमोनिया का प्रकोप बढ़ गया है। इस प्रकोप का केंद्र बीजिंग और लियाओनिंग प्रांत हैं। यहां अस्पताल भारी संख्या में बीमार बच्चों से भर चुके हैं।

स्थिति की गंभीरता के कारण कुछ स्कूलों में कक्षाएं निलंबित कर दी गई हैं, क्योंकि छात्र बीमार पड़ गए हैं। मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा देखकर स्वास्थ्य अधिकारियों में चिंता पैदा हो गई है।
दुनिया को यह चिंताजनक स्थिति कोविड संकट के शुरुआती दिनों की याद दिला रही है। हालांकि कोरोना से अलग इस बीमारी में खास बात ये है कि इस बीमारी का शिकार अधिकतर बच्चे हो रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि ज्यादा भर्ती मरीजों से अस्पताल के संसाधनों पर अत्यधिक दबाव बड़ रहा है।
प्रभावित बच्चों में दिखाई देने वाले लक्षणों में तेज बुखार और फेफड़ों में सूजन है, लेकिन बच्चों को खांसी नहीं हो रही है। डॉक्टर इससे हैरान हैं क्योंकि जब कोई व्यक्ति फ्लू से पीड़ित होता है तो उसे खांसी, आरएसवी या सांस की बीमारी की समस्या होती है।
बीजिंग के एक नागरिक ने ताइवानी समाचार वेबसाइट एफटीवी न्यूज को बताया, "कई, (बच्चे) अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें खांसी नहीं है और कोई लक्षण भी नहीं है। उन्हें बहुत तेज बुखार लगता है और उनके फेफड़े में सूजन हो रही है।
अंतरराष्ट्रीय रोग निगरानी मंच प्रोमेड ने मंगलवार को बच्चों को प्रभावित करने वाले अज्ञात निमोनिया पर अलर्ट जारी किया। इस बीमारी की शुरुआत को लेकर अभी कुछ बताया नहीं गया है।
प्रोमेड ने कहा कि इतने सारे बच्चों का इतनी जल्दी प्रभावित होना सामान्य बात नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया कि यह अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी कि क्या यह एक और महामारी हो सकती है, लेकिन हमें अभी से सावधानी बरतनी चाहिए।
इसमें ये भी नहीं कहा गया है कि ये व्यस्कों को प्रभावित कर सकती है या नहीं। हालांकि बच्चों के बीच तेजी से फैलने से स्कूल के वातावरण के साथ संभावित संबंध का पता चलता है। इस बीमारी के प्रकोप की तीव्रता के बावजूद, अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है जो कि दुनिया के लिए राहत की बात है।
अमेरिकी महामारी विशेषज्ञ एरिक फीगल-डिंग ने निमोनिया के प्रकोप के मद्देनजर चीन में फेस मास्क पहने लोगों का एक वीडियो साझा किया है।
इस रहस्यमयी न्यूमोनिया के बढ़ते खतरे पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कि सांस की इस बीमारी के जोखिम को कम करने के लिए लोग तमाम तरह के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
इसके साथ ही WHO ने बच्चों में निमोनिया के क्लस्टर पर विस्तृत जानकारी के लिए चीन से ज्यादा जानकारी देने के लिए आधिकारिक अनुरोध किया है। WHO ने कहा कि अक्तूबर के मध्य से उत्तरी चीन में पिछले तीन सालों की इसी अवधि की तुलना में इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी में वृद्धि दर्ज की गई है।












Click it and Unblock the Notifications