Elon musk का कर्मचारियों को सख्त अल्टीमेटम, Twitter 2.0 का हिस्सा बने रहने के लिए ऐसे करना होगा काम
एलन मस्क ने एक ई-मेल के साथ कर्मचारियों को एक ऑनलाइन लिंक उपलब्ध कराया है, जिसमें ट्विटर 2.0 के कर्मचारियों को कंपनी का हिस्सा बने रहने के लिए खास शर्तों पर काम करने की बात कही गई है।
Elon Musk ultimatum for Twitter 2.0 Employees:एलन मस्क ने ट्विटर के कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने एक ई-मेल के साथ कर्मचारियों को एक ऑनलाइन लिंक उपलब्ध कराया है, जिसमें ट्विटर 2.0 के कर्मचारियों को कंपनी का हिस्सा बने रहने के लिए खास शर्तों पर काम करने की बात कही गई है। बेहतर प्रदर्शन की शर्त के साथ कार्य क्षमता के प्रदर्शन समेत कई बातों का एलन मस्क की लेटर में जिक्र है।

ट्विटर में कर्मचारियों के छंटनी के बाद से एक बात स्पष्ट हो गई कि अब खराब प्रदर्शन वाले अपने एम्लाईज को लेकर कंपनी कोई सहानुभूति नहीं बरतेगी। इस वक्त एलन मस्क का पूरा ध्यान ट्विटर के कर्मचारियों के प्रदर्शन को लेकर है। कंपनी मे कई बड़े बदलाव भी होने जा रहे हैं। Twitter को जल्द नया लीडर भी मिल सकता है। एलन मस्क ने इस बात के संकेत भी दिए हैं।
वहीं मस्क ने ट्विटर के कर्मचारियों को कंपनी का हिस्सा बने रहने के लिए गुरुवार शाम तक का समय दिया है। ट्विटर के नए मालिक ने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में लिखा है कि कर्मचारियों को एक सफल ट्विटर 2.0 बनाने के लिए बहुत परिश्रमी होने की आवश्यकता होगी। कर्मचारियों को अधिक समय और उच्च क्षमता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने पत्र में लिखा कि ट्विटर अधिकतर इंजीनियरिंग आधारित है और टीम के ज्यादातर कर्मचारी 'कोडिंग' करने वाले होंगे।
मस्क कर्मचारों को हार्ड वर्क के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने कहा था कि उन्होंने कभी-कभी सप्ताह में 120 घंटे तक काम किया है और टेस्ला कारखाने में फर्श पर सोए हैं। उन्होंने एक ऑनलाइन फॉर्म के लिंक के साथ कर्मचारियों से कहा, "अगर आप सुनिश्चित हैं कि आप नए ट्विटर का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो कृपया नीचे दिए गए लिंक पर गुरुवार शाम तक हां क्लिक करें।"
बता दें कि हाल ही में मस्क ने ट्विटर पर कम से कम 20 कर्मचारियों को निकाल दिया है जिन्होंने ट्विटर पर या आंतरिक मैसेजिंग प्लेटफॉर्म स्लैक पर उनके कार्यों की आलोचना की और कुछ को सिर्फ नए ट्विटर सीईओ की निंदा करने वाले पोस्ट को रीट्वीट करने के लिए बर्खास्त कर दिया गया। बाद में उन्होंने लिखा, "मैं इन प्रतिभाओं को बर्खास्त करने के लिए माफी मांगना चाहता हूं। उनकी अपार प्रतिभा निस्संदेह कहीं और बड़े काम आएगी"।












Click it and Unblock the Notifications