गाजा पट्टी में स्टारलिंक इंटरनेट सर्विस बहाल करने पर भड़का इजराइल, एलन मस्क को दी चेतावनी
Israel Warns Elon Musk: गाजा पट्टी के कम्युनिकेशन नेटवर्क को ध्वस्त करने के बाद इजराइल मान रहा था, कि उसने एक बड़ी लड़ाई जीत ली है, लेकिन इजराइल को उस वक्त बहुत बड़ा झटका लगा, जब दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने गाजा पट्टी में इंटरनेट सर्विस बहाल करने का फैसला किया। एलन मस्क का ये फैसला इजराइल के लिए किसी सदमे से कम नहीं है।
लिहाजा, इजराइल ने एलन मस्क को चेतावनी दी है। एलन मस्क को चेतावनी देते हुए इजराइल ने कहा है, कि वो "इससे लड़ने के लिए अपने सभी साधनों का उपयोग करेगा।" इजराइल के संचार मंत्री श्लोमो करही ने आशंका व्यक्त की है, कि एलन मस्क के संचार लिंक का इस्तेमाल हमास के आतंकवादियों द्वारा "आतंकवादी गतिविधियों" के लिए किया जा सकता है।

एलन मस्क को इजराइल की चेतावनी
श्लोमो करही ने लिखा है, कि "हमास इसका इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों के लिए करेगा।" उन्होंने आगे कहा है, कि "शायद मस्क हमारे अपहृत शिशुओं, बेटों, बेटियों, बुजुर्गों की रिहाई की शर्त इंटरनेट बहाल करने के लिए तैयार होंगे। तब तक, मेरा कार्यालय स्टारलिंक के साथ सारे संबंध तोड़ देगा।"
इज़राइल ने शुक्रवार को घेराबंदी में फंसे गाजा पट्टी में इंटरनेट और कम्युनिकेश लाइनों को बंद कर दिया था, जिससे लगभग 21 लाख लोगों का एक-दूसरे के साथ-साथ, बाहरी दुनिया से संपर्क करने से कट गया है।
अंतर्राष्ट्रीय मानवतावादी संगठनों ने कहा है, कि ब्लैकआउट गाजा में पहले से ही निराशाजनक स्थिति को और खराब कर रहा है। उन्होंने कहा कि संचार टूटने से प्राथमिक आपातकालीन नंबर 101 प्रभावित होता है और हवाई हमलों में घायल लोगों की सहायता के लिए एम्बुलेंस के पहुंचने में काफी दिक्कतें होती हैं।
शनिवार को, एलन मस्क ने कहा था, कि स्टारलिंक (एलन मस्क की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स द्वारा संचालित एक उपग्रह इंटरनेट समूह) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त गाजा सहायता समूहों को कनेक्टिविटी का समर्थन करेगा। एलन मस्क का ये बयान, अमेरिकी सांसद अलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज़ (एओसी) द्वारा गाजा में कम्युनिकेशन लाइन में कटौती के इज़राइल के कदम पर सवाल उठाने के बाद आया है।
Israel will use all means at its disposal to fight this.
HAMAS will use it for terrorist activities. There is no doubt about it, we know it, and musk knows it. HAMAS is ISIS.
Perhaps Musk would be willing to condition it with the release of our abducted babies, sons, daughters,… https://t.co/pRNOlnINbZ
— 🇮🇱שלמה קרעי - Shlomo Karhi (@shlomo_karhi) October 28, 2023
एओसी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा था, कि "22 लाख की आबादी के लिए सभी तरह के कम्युनिकेशन को बंद करना अस्वीकार्य है। पत्रकार, चिकित्सा पेशेवर, मानवीय प्रयास और निर्दोष सभी खतरे में हैं।" उन्होंने आगे लिखा, कि "मुझे नहीं पता कि इस तरह के कृत्य का बचाव कैसे किया जा सकता है। संयुक्त राज्य अमेरिका ने ऐतिहासिक रूप से इस प्रथा की निंदा की है।"
उनके पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मस्क ने लिखा, कि "स्टारलिंक गाजा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सहायता संगठनों को कनेक्टिविटी का समर्थन करेगा।"
आपको बता दें, कि इससे पहले फरवरी 2022 में जब रूस ने यूक्रेन की तमाम संचार लाइनें काट दी थीं, उस वक्त भी एलन मस्क ने मुफ्त में यूक्रेन को स्टारलिंक इंटरनेट सर्विस देना शुरू कर दिया था, जिससे रूस यूक्रेन का बाहरी दुनिया से संपर्क काटने में नाकाम हो गया था। स्टारलिंक डायरेक्ट सैटेलाइट्स से इंटरनेट सर्विस देता है, लिहाजा उसकी स्पीड ना सिर्फ तेज होती है, बल्कि उस संपर्क को काटने का एक मात्र उपाय सैटेलाइट को ही उड़ाना है और ऐसा करने पर विश्वयुद्ध की नौबत आ जाएगी।
हालांकि, रॉयटर्स के अनुसार, स्पेसएक्स ने इस टिप्पणी के अनुरोध का जवाब नहीं दिया है ,कि यह कैसे सुनिश्चित करेगा कि किसी भी स्टारलिंक कनेक्शन का उपयोग सहायता संगठनों द्वारा किया जाएगा, न कि हमास द्वारा, जो गाजा पट्टी चलाता है।












Click it and Unblock the Notifications