अब Elon Musk ने भी Twitter को कोर्ट में घसीटा, जानिए अदालत में कौन पड़ेगा किसपर भारी?
एलन मस्क ने पहले ट्विटर को खरीदने के लिए 44 अरब डॉलर की बोली लगाई थी, जिसके लिए ट्विटर तैयार हो गया था। लेकिन, बाद में एलन मस्क ने फर्जी ट्विटर अकाउंट्स का हवाला देते हुए इस डील को एकतरफा रद्द कर दिया था।
वॉशिंगटन, जुलाई 30: दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने अब सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर को कोर्ट में घसीट लिया है। इससे पहले ट्विटर ने एलन मस्क को 44 अरब डॉलर के अधिग्रहण से पीछे हटने के लिए मुकदमा दायर किया था, जिसके जबाव में अब एलन मस्क ने भी जवाबी मुकदमा दायर कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक एलन मस्क की तरफ से ये मुकदमा गोपनीय तरीके से दार गया गया है और 164 पन्नों का ये कंप्लेन अभी तक सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध नहीं हो पाया है। वहीं, अदालत के नियमों के तहत एक संशोधित संस्करण जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।

ट्विटर के खिलाफ मुकदमा दायर
दरअसल, एलन मस्क ने पहले ट्विटर को खरीदने के लिए 44 अरब डॉलर की बोली लगाई थी, जिसके लिए ट्विटर तैयार हो गया था। लेकिन, बाद में एलन मस्क ने फर्जी ट्विटर अकाउंट्स का हवाला देते हुए इस डील को एकतरफा रद्द कर दिया था, जिसके बाद ट्विटर ने एलन मस्क के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया था और कोर्ट ने इस सिलसिले में 17 अक्टूबर से सुनवाई के आदेश दिए हैं। लेकिन, कोर्ट के आदेश से चंद घंटे पहले एलन मस्क की तरफ से डेलावेयर कोर्ट ऑफ चांसरी के चांसलर कैथलीन मैककॉर्मिक के पास ट्विटर के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया है। कोर्ट अब 17 अक्टूबर से पांच दिनों तक सुनवाई करेगा और फिर फैसला करेगा, कि एलन मस्क ट्विटर डील से हट सकते हैं या नहीं?

ट्विटर शेयरधारकों ने भी ठोका मुकदमा
हालांकि, एलन मस्क की तरफ से दायर किए गये मुकदमे को लेकर अभी तक ट्विटर की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आई है, लेकिन इसके अलावा शुक्रवार को, एलन मस्क के खिलाफ ट्विटर के एक शेयरधारक ने भी मुकदमा दर्ज कराया है और कोर्ट से अपील की है, कि वो अरबपति कारोबारी को ट्विटर खरीदने का आदेश दे। शेयरधारक ने कहा है कि, एलन मस्क ने ट्विटर के शेयरधारकों के लिए अपने कर्तव्यों का उल्लंघन किया है, जिसकी वजह से शेयरधारकों को काफी नुकसान हुआ है, लिहाजा उस नुकसान की भरपाई करने का आदेश एलन मस्क को कहा जाए। आपको बता दें कि, ट्विटर डील से पीछे हटने के बाद भी ट्विटर में एलन मस्क की 9.6 प्रतिशत की हिस्सेदारी है, जो उन्होंने इसी साल शुरूआत में खरीदी थी और शेयरधारक के मुकदमे में कहा गया है, कि एलन मस्क कंपनी के शेयरधारकों के हितों की रक्षा के लिए जिम्मेदार हैं, और क्योंकि अधिग्रहण समझौते से उन्हें कंपनी के कई फैसलों का वीटो मिलता है, लिहाजा शेयरधारकों को हुए नुकसान की भरपाई एलन मस्क को करनी चाहिए। ये मुकदमा कोर्ट ऑफ चांसरी में लुइगी क्रिस्पो द्वारा दायर किया गया है, जिसके पास 5,500 ट्विटर शेयर हैं।

ट्विटर डील से क्यों पीछे हटे एलन मस्क
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और टेस्ला इंक के मुख्य कार्यकारी एलन मस्क ने 8 जुलाई को कहा था, कि वह ट्विटर अधिग्रहण को रद्द कर रहे हैं। एलन मस्क ने ट्विटर इंक को अपने प्लेटफॉर्म पर नकली खातों की संख्या को गलत तरीके से प्रस्तुत करके समझौते का उल्लंघन करने के लिए दोषी ठहराया। जिसके कुछ दिनों के बाद ट्विटर ने एलन मस्क के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया। ट्विटर ने कहा कि, फर्जी अकाउंट्स एलन मस्क का सिर्फ एक बहाना है और वो 54.20 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से ट्विटर का अधिग्रहण करने के लिए बाध्य हैं। आपको बता दें कि, एलन मस्क के ट्विटर को लगातार असमंजस भरे ट्वीट्स की वजह से ट्विटर के शेयर लगातार अस्थिर रहे हैं और शुक्रवार को जब बाजार बंद हुआ था, उस वक्त ट्विटर शेयर का वैल्यू 41.16 डॉलर प्रति शेयर था, जो एलन मस्क के अधिग्रहण से पीछा हटने के बाद सबसे ज्यादा वैल्यू है।

ट्विटर के आरोप क्या हैं?
अदालत ने पिछले हफ्ते मामले की सुनवाई में तेजी लाते हुए कहा था कि, वो सौदे की अनिश्चितता के कारण ट्विटर को होने वाले संभावित नुकसान को सीमित करना चाहता है और कोर्ट ने 17 अक्टूबर से लगातार पांच दिनों तक सुनवाई करने और फैसला सुनाने की बात कही है। वहीं, ट्विटर के आरोप हैं, कि एलन मस्क की अनिश्चित कदम से ट्विटर के राजस्व में भारी गिरावट आई है और कंपनी के भीतर भी अराजक स्थिति फैल गई है और ट्विटर ने इसके लिए अदालती लड़ाई को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, दोनों पक्ष मूल रूप से 17 अक्टूबर के मुकदमे के लिए सहमत हुए हैं, लेकिन फर्जी खातों की खोज हो या आंतरिक दस्तावेजों और अन्य सबूतों की तलाश... मुकदमे को लेकर असमंजस बना हुआ है। एलन मस्क ने इस हफ्ते ट्विटर पर आरोप लगाया था, कि फर्जी खातों की पहचान करने को लेकर ट्विटर भाग रहा है और बदले में ट्विटर ने आरोप लगाया था, कि एलन मस्क ट्विटर से डेटा मांग रहे हैं और ट्विटर ने डेटा देने से इनकार करते हुए मस्क पर डील से भागने का आरोप लगाया।

एलन मस्क की क्या है दलील?
पिछले दिनों एलन मस्क ने कहा था, कि उन्होंने ट्विटर डील को इसलिए रद्द किया, क्योंकि कंपनी स्पैम अकाउंट की जानकारी देने में विफल रही है और कंपनी ने गलत आंकड़े दिए, जिसके चलते ट्विटर को लेकर उनका आंकलन गलत हुआ। आपको बता दें कि, ट्विटर के विलय की डील रद्द होने के बाद एलन मस्क की कार कंपनी टेस्ला के शेयर में 30 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है, कंपनी के शेयर 699.21 डॉलर पहुंच गए थे। हालांकि, लीगल एक्सपर्ट का कहना है कि इस कानूनी लड़ाई में ट्विटर का पलड़ा भारी है, क्योंकि जिस तरह से मस्क ने डील को किया, उसके चलते उन्हें मुश्किल हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications