2 और बड़े भूकंपों से कांपा तुर्की, एर्दोगन बोले- बहुत हुआ, अब पहाड़ों से दूर मैदानों में शहर बसाएंगे
राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने सोमवार को हटे प्रांत का दौरा किया और कहा कि उनकी सरकार अगले महीन की शुरुआत में 11 शहरों में भूकंप से तबाह क्षेत्र में करीब 200,000 नए घरों का निर्माण शुरू करेगी।

File Image: PTI
तुर्की में 6 फरवरी को भीषण भूकंप आने के दो सप्ताह बाद दो नए भूकंपों ने फिर से देश को अस्तव्यस्त कर दिया है। डिजास्टर एंड इमरजेंसी मैनेजमेंट अथॉरिटी ने सोमवार को कहा कि तुर्की के डेफने प्रांत में स्थानीय समयानुसार रात 8 बजकर 4 मिनट पर भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई। इसके ठीक तीन मिनट के बाद हटे प्रांत के समदांग जिले में एक और भूकंप आया। इसकी तीव्रता 5.8 मापी गई। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं अब तक लगभग 700 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
कई देशों में महसूस किए गए झटके
यह भूकंप इतना शक्तिशाली था कि इसके झटके सीरिया, मिस्र, लेबनान, इराक, इजरायल और जॉर्डन तक महसूस किए गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि हटे में भूकंप आने के तुरंत बाद 3.9 और 4.5 तीव्रता के झटके भी आए। तुर्की के उपराष्ट्रपति फुअत ओकटे ने कहा कि शाम से अब तक देश में 27 से अधिक भूकंप के झटके आ चुके हैं। ओकटे ने सोमवार शाम कहा कि आज शाम आया पहला भूकंप एक पखवाड़े पहले के बड़े भूकंपों का आफ्टरशॉक नहीं था, बल्कि ये नए झटके थे।
6000 से भी अधिक भूकंप के झटके
इससे पहले AFDA ने एहतियात के तौर पर समुद्र तटों को खाली करने के निर्देश दिया था। उपराष्ट्रपति ने कहा कि सुनामी अलर्ट जारी किया गया था लेकिन इसे अब हटा लिया जाएगा। फिलहाल सरकार ने लोगों को खतरनाक इमारतों से दूर रहने की अपील की है। तुर्की प्रशासन का कहना है कि 6 फरवरी को आए बड़े भूकंप के बाद से अब तक 6,210 से भी अधिक आफ्टरशॉक्स महसूस किए जा चुके हैं।
47 हजार से अधिक मौतें
आपको बता दें कि तुर्की और सीरिया में 6 फरवरी को आए भूकंप में 47 हजार से अधिक लोगों की जान गई हैं। सिर्फ तुर्की में अब तक 41,156 लोग मारे गए हैं जबकि सीरिया में 6,210 लोग मारे गए हैं। हजारों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। दुनिया भर के देश तुर्की और सीरिया में राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं। भूकंप पीड़ितों को आश्रय स्थलों में रखा गया है। विनाशकारी भूकंप में लाखों लोग बेघर हुए हैं। सीरिया के कुछ इलाकों विद्रोहियों से लड़ाई की वजह से राहत सामग्री भेजने में दिक्कतें आ रही हैं।
पहाड़ों से दूर मैदानों में शहर बसेंगे
इस बीच राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने सोमवार को हटे प्रांत का दौरा किया और कहा कि उनकी सरकार अगले महीन की शुरुआत में 11 शहरों में भूकंप से तबाह क्षेत्र में करीब 200,000 नए घरों का निर्माण शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ये कोशिश करेगी कि रिहायशी इलाकों को पहाड़ों से दूर मैदानों में बसाया जाए। उन्होंने कहा कि भूकंप से बचे लोगों के लिए स्थायी घरों के पुनर्निर्माण में कम से कम एक साल तक का वक्त लग सकता है।












Click it and Unblock the Notifications