अमेरिका में आया 5.5 तीव्रता का भूकंप, दक्षिणी कैलिफोर्निया में था केंद्र
नई दिल्ली: भूकंप का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। भारत के अलावा दूसरे देशों में भी लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। अब अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में भूकंप की खबर सामने आई है। इस दौरान रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 मापी गई, हालांकि इससे किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। वहीं बुधवार को भारत और बांग्लादेश के कई इलाकों में इसी तरह के झटके आए थे।

तेज झटके हुए महसूस
अमेरिका के लॉस एंजेलिस के उत्तर पूर्व में लगभग 217 किलोमीटर दूर भूकंप आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धरती में कंपन काफी तेज हो रहा था। रिक्टर स्केल पर भले ही तीव्रता कम रही हो, लेकिन उन्हें तेज झटके महसूस हुए। इस दौरान लोग घरों से निकलकर मैदानी इलाकों में आ गए थे। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक भूकंप वाले इलाके में 37 लाख के करीब आबादी है। फिलहाल अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं आई है।

भारत-बांग्लादेश की सीमा पर हिली थी धरती
बुधवार को बांग्लादेश के सीमावर्ती इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इस दौरान रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.2 बताई गई। इस भूकंप का केंद्र बांग्लादेश की राजधानी ढाका के आसपास था। बांग्लादेश की सीमा से लगे भारतीय जिलों में भी भूकंप के झटकों को महसूस किया गया, हालांकि इस दौरान किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ था। इसके बाद बुधवार रात एनसीआर से सटे नोएडा में भी भूकंप के झटके आए, जिसकी तीव्रता 3.2 थी। वहीं पिछले महीने दिल्ली-एनसीआर में पांच बार झटके महसूस किए गए थे।

क्यों आता है भूकंप?
धरती चार परतों से बनी हुई है, जिन्हें इनर कोर, आउटर कोर, मैन्टल और क्रस्ट कहते हैं। ये प्लेट एक दूसरे के करीब भी आती हैं और दूर भी जाती हैं। कभी-कभी ये प्लेट एक-दूसरे ये टकरा जाती हैं। जिस वजह से धरती में तेज कंपन होता है और वो हिलने लगती है। इसे ही भूकंप कहा जाता है। भूकंप की तीव्रता नापने के लिए मैग्नीट्यूड टेस्ट स्केल का इस्तेमाल होता है, जिसे आमतौर पर रिक्टर स्केल कहा जाता है। रिक्टर स्केल पर 1 से 9 के बीच भूकंप की तीव्रता का आंकलन होता है। इसमें एक सबसे कम और 9 सबसे भयानक भूकंप होता है। वहीं जिस जगह पर प्लेटें टकराती हैं, उसे भूकंप का केंद्र कहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications