Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप न्यू हैम्पशायर प्राइमरी चुनाव भी जीते.. आखिरी भारतवंशी निक्की हेली का भी खेल खत्म!
US elections 2024 Donald Trump defeats Nikki Haley: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस साल नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनावों से पहले सोमवार (स्थानीय समय) को न्यू हैम्पशायर प्राइमरी में बड़ी जीत हासिल कर ली है, जिससे रिपब्लिकन पार्टी के अंदर राष्ट्रपति पद के नामांकन के लिए अब उनकी पकड़ काफी मजबूत हो गई है।
डोनाल्ड ट्रंप की जीत के साथ ही रिपब्लिकन पार्टी के बाकी उम्मीदवारों का खेल खत्म होता दिख रहा है और इसके साथ ही, इस साल के आखिर में होने वाले चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप का जो बाइडेन के साथ चुनावी मुकाबला तय हो गया है।

न्यू हैम्पशायर के चुनावी नतीजे डोनाल्ड ट्रम्प के लिए एकमात्र चुनौती देने वाली भारतीय मूल की पूर्व संयुक्त राष्ट्र राजदूत निक्की हेली के लिए एक झटका साबित हुआ है।
आपको बता दें, कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव में प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए कॉकस और प्राइमरी दो तरह के चुनाव होते हैं। कुछ राज्यों में कॉकस तो कुछ राज्यों में प्राइमरी चुनाव होते हैं। कॉकस चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ता अलग अलग बूथों और कार्यक्रम स्थलों पर जुटते हैं और हाथ उठाकर मतदान करते हैं, जबकि प्राइमरी चुनाव में वोट डाला जाता है।
इससे पहले आयोवा कॉकस भी डोनाल्ड ट्रंप जीत चुके हैं, जिसके बाद विवेक रामास्वामी चुनावी रेस से पीछे हट गये थे।
निक्की हेली को डोनाल्ड ट्रंप ने हराया
एसोसिएटेड प्रेस के अनुमान के मुताबिक, सुबह 6:30 बजे (अमेरिकी समयानुसार) तक ट्रंप को 36,655 वोट (52.5 फीसदी) मिले थे, जबकि निक्की हेली 34,013 वोट (46.5 फीसदी) हासिल करने में कामयाब रहीं। निक्की हेली, ट्रम्प के मार्जिन में कटौती करने की कोशिश कर रही थीं।
निक्की हेली ने न्यू हैम्पशायर के चुनाव के लिए काफी कोशिशें की थीं और वित्तीय संसाधनों का निवेश किया था, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें कुल 8 प्रतिनिधि ही हासिल हो सके हैं, जबकि डोनाल्ड ट्रंप 12 प्रतिनिधि हासिल कर चुके हैं।
डोनाल्ड ट्रम्प अब आयोवा और न्यू हैम्पशायर में चुनाव जीतने वाले पहले रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं, जो इस बात का एक स्पष्ट संकेत है, कि रिपब्लिकन ने उन्हें लगातार तीसरी बार अपना उम्मीदवार बनाने के लिए कितनी तेजी से रैली की है।
दूसरी तरफ, निक्की हेली के लिए राष्ट्रपति चुनाव का रास्ता अब बंद होता जा रहा है, क्योंकि वह न्यू हैम्पशायर के लिबरल राजनीतिक परंपरा को भुनाने में नाकाम रही हैं। हेली के पास अब सिर्फ 24 फरवरी को दक्षिण कैरोलिना के प्राइमरी चुनाव में सर्वश्रेष्ठ देने का मौका है, जहां वह राज्य की पूर्व गवर्नर होने के नाते मजबूत स्थिति दिखाने की उम्मीद कर सकती हैं। हालांकि, दक्षिण कैरोलिना एक अत्यंत रूढ़िवादी राज्य है, जहां ट्रम्प काफी ज्याद लोकप्रिय हैं, जो हेली के लिए राजनीतिक रूप से विनाशकारी परिणाम दे सकता है।
डोनाल्ड ट्रम्प के सहयोगी पहले से ही दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर निक्की हेली पर दबाव डाल रहे हैं, कि वह अपने गृह राज्य में 24 फरवरी को दक्षिण की पहली जीओपी प्राइमरी की मेजबानी करने से पहले दौड़ छोड़ दें। ये कॉल अब तेज हो जाएंगी, क्योंकि ट्रम्प ने दोनों प्राइमरी जीत ली हैं। हालांकि, हेली ने मंगलवार सुबह जोर देकर कहा, कि न्यू हैम्पशायर उनका आखिरी दौर नहीं होगा। उन्होंने कहा, कि "हम दक्षिण कैरोलिना जीतने जा रहे हैं।" उन्होंने संवाददाताओं से कहा, कि "यह हमेशा से एक मैराथन रहा है। यह कभी भी स्प्रिंट नहीं रहा।"
बाइडेन के पार्टी में क्या हैं हाल?
डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर जो बाइडेन की उम्र को लेकर पूरी तरह से सहमति नहीं बन पा रही है और बाइडेन ने अभी तक चुनावी प्रचार शुरू नहीं किया है। न्यू हैम्पशायर प्राइमरी चुनाव में बाइडेन के पास 73 प्रतिशत वोट हैं, जबकि डीन फिलिप्स के पास करीब 17 प्रतिशत वोट हैं। वहीं, तीसरे उम्मीदवार लेखक मैरिएन विलियमसन के पास करीब 4 प्रतिशत वोट हैं।
लेकिन, डेमोक्रेटिक पार्टी के अंदर हुए इस चुनाव में जो बाइडेन का नाम बैलेट पेपर पर नहीं था, लिहाजा ये चुनाव डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी का उल्लंघन माना गया है, इसीलिए इस चुनाव को बेमतलब घोषित कर दिया गया है और वोट प्रतिशत के आधार पर किसे कितने डेलिगेट्स मिले हैं, इसकी भी घोषणा नहीं की गई है।
ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि पार्टी के अंदर जो बाइडेन की उम्र को लेकर विवाद चल रहे हैं। कई डेमोक्रेट्स इस बात को लेकर विरोध कर रहे हैं, कि जो बाइडेन, तेजी से आगे डोनाल्ड ट्रंप को रोकने में नाकाम हो जाएंगे। हालांकि, ज्यादातर डेमोक्रेट्स अभी भी बाइडेन के साथ हैं, लेकिन पार्टी के अंदर विरोध को देखते हुए अभी तक बाइडेन को सार्वजनिक नहीं किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications