12 जून को नार्थ कोरिया के शासक किम जोंग उन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सिंगापुर में करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली। लंबे इतंजार के बाद नार्थ कोरिया के शासक किम जोंग उन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात तय हो गई है। किम जोंग और ट्रंप 12 जून को सिंगापुर में मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद इस मुलाकात की जानकारी ट्वीट कर दी। परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइलों के परीक्षण को लेकर अमेरिका और नार्थ कोरिया के बीच तनाव युद्ध के स्तर तक पहुंच गया था, लेकिन धीरे-धीरे संबंधों में सुधार जारी है। इसी सुधार का नतीजा है कि दोनों नेताओं के बीच मुलाकात तय हो पाई है।

आपको बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने विदेश मंत्री माइक पोम्पियो के प्योंग्यांग दौरे के बाद ये ऐलान किया है। इससे पहले विदेश मंत्री पोम्पियो के प्योंग्यांग पहुंचने के बाद ही नार्थ कोरिया ने 3 अमेरिकी नागरिकों की सजा माफ कर उन्हें रिहा कर दिया था। वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस से प्रसारित एक टीवी संबोधन में दोनों देशों के बीच संबंधों में हो रहे सुधार के बारे में जानकारी भी दी थी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर कोरिया के साथ संबंध सुधर रहे हैं। देखना होगा कि संबंध आगे कैसे रहेंगे।
गौरतलब है कि 1948 में अलग देश बनने के बाद नॉर्थ कोरिया का कोई भी शासक अमेरिका के राष्ट्रपति से नहीं मिला। ऐसा पहली बार होगा जब अमेरिकी राष्ट्रपति नार्थ कोरियाई शासक से मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications