चीन पर फिर बरसे ट्रंप, कहा-अमेरिका समेत पूरी दुनिया को बड़ा नुकसान पहुंचाया चीन ने
वॉशिंगटन। कोरोना वायरस की महामारी दुनिया में फैलने को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर चीन पर भड़के हैं। ट्रंप का कहना है कि चीन के कारण अमेरिका और दुनिया को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दुनिया को 'कोरोना महामारी' देने की पूरी जवाबदेही चीन को उठानी ही होगी। यह पहली बार नहीं है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना को लेकर चीन पर कोई सख्त टिप्पणी की हो। वे लगातार कोरोना वायरस के लिए चीन को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ट्वीट किया,' चीन ने अमेरिका और पूरी दुनिया का बहुत नुकसान किया है।' इससे पहले अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने कहा था कि जब कुछ देशों से अमेरिकी खजाने में खरबों डालर आ रहा था, उसी समय देश चीन से आए वायरस से प्रभावित हो गया। दरअसल कई मौकों पर ट्रंप चीन पर कोरोना वायरस महामारी फैलाने का आरोप लगाते आए हैं। चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना को लेकर ट्रंप ने एक बयान में कोरोना वायरस को 'वुहान वायरस' बताया था।
इससे पहले ट्रंप ने कहा था, 'अमेरिका में गाउन, मास्क और सर्जिकल सामान बन रहा है जो पहले केवल विदेशी जमीन खासतौर पर चीन में बनते थे, जहां से यह वायरस और अन्य चीजें आईं। चीन ने इस बीमारी को छिपाया जिससे यह पूरी दुनिया में फैल गई। चीन को इसके लिए निश्चित रूप से पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।' कोरोना वायरस के टीके के बारे में ट्रंप ने कहा कि हम बहुत शानदार तरीके से प्रगति कर रहे हैं।
Recommended Video
दुनियाभर में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से 5,33,000 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से सबसे अधिक 1,32,000 मौत अकेले अमेरिका में हुई हैं। अमेरिका करीब 30 लाख मामलों के साथ संक्रमण के मामले में दुनिया में पहले स्थान पर है।












Click it and Unblock the Notifications