ट्रंप ने विदेश मंत्री टिलरसन को हटाया, क्या किम जोंग उन है वजह?
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेश मंत्री को रेक्स टिलरसन को पद से हटा दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने माइक पोंपेयो को अमेरिका का नया विदेश मंत्री बनाया है। मंगलवार को ट्वीट करते हुए ट्रंप ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'सीआईए के डायरेक्टर माइक पोंपेयो हमारे नए विदेश मंत्री होंगे। वह बेहद शानदार काम करेंगे। रेक्स टिलरसन को उनकी सेवा के लिए शुक्रिया।'

अमेरिकी विदेश मंत्री के पद से हटाए गए 65 वर्षीय रेक्स टिलरसन एक्सॉन कंपनी के मुख्य कार्यकारी हैं। उन्हें ट्रंप का दोस्त बताया जाता है। इसी वजह से उन्हें इतना ताकतवर पद ट्रंप ने दिया था। हालांकि, पिछले काफी समय से दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं था। अमेरिकी मीडिया की मानें तो डोनाल्ड ट्रंप और टिलरसन के बीच मतभेद की खबरें पिछले साल अक्टूबर महीने से ही आ रही थीं। दोनों के बीच मतभेद का मुख्य कारण टिलरसन की गल्फ पॉलिसी रही। उन्होंने सऊदी अरब, यूएई, बहरीन और मिस्र की खुलकर निंदा की थी। इस वजह से इन देशों के साथ अमेरिका का ट्रेड प्रभावित हो रहा था।
अमेरिकी मीडिया में चल रही कुछ खबरों में यह भी दावा किया जा रहा है कि टिलरसन को हटाने के पीछे नॉर्थ कोरिया के साथ बातचीत अहम कारण है। ट्रंप चाहते हैं कि नॉर्थ कोरिया के साथ वार्ता शुरू होने से पहले अमेरिकी विदेश मंत्रालय में नई और मजबूत टीम को जिम्मेदारी सौंपी जाए। ट्रंप ने पिछले हफ्ते ही नॉर्थ के तानाशाह किम जोंग उन का बातचीत का न्योता स्वीकार किया। हालांकि, इसमें कुछ शर्तें भी शामिल हैं, लेकिन शर्तों के बाद भी ट्रंप एडिमिनिस्ट्रेशन का यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है।
दूसरी ओर टिलरसन की जगह नए अमेरिकी विदेश मंत्री बनने जा रहे माइक पोंपेयो के बारे में ट्रंप ने कहा, 'मैं उन्हें 14 महीनों से जानता हूं, मुझे पूरा विश्वास है कि वह इस पद के लिए एकदम उपयुक्त साबित हों।'












Click it and Unblock the Notifications