2021 के बाद पहली बार डोनाल्ड ट्रंप ने किया ट्वीट, 1.5 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंची पोस्ट
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2021 के बाद पहली बार ट्वीट किया है। जिस तरह से डोनाल्ड ट्रंप को गिरफ्तार किए जाने के बाद उनका मग शॉट जारी किया गया, उसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने खुद भी ट्विटर हैंडल से इस मग शॉट को शेयर किया है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने खिलाफ कार्रवाई को न्याय का मजाक बताया है।
बता दें कि जब किसी कैदी को जेल भेजा जाता है तो जेल प्रशासन की ओर से उसकी तस्वीरें क्लिक की जाती हैं, जिसे मग शॉट कहते हैं। बता दें कि अमेरिका के इतिहास में पहली बार किसी राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति का मग शॉट जारी किया गया है।

डोनाल्ड ट्रंप ने फ्यूल्टन काउंटी जेल में सरेंडर किया था, जहां पर उनका मगशॉट लिया गया। उनकी लंबाई 6 फीट 3 इंच दर्ज की गई, वजन 97.5 किलोग्राम दर्ज किया गया। इसके बाद उन्हें 2 लाख अमेरिकी डॉलर की जमानत पर रिहा कर दिया गया।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने मग शॉट को ट्विटर और वेबसाइट दोनों पर साझा किया है। अहम बात है कि जनवरी 2021 के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार ट्वीट किया है। 2021 में ट्रंप को ट्विटर ने बैन कर दिया था। हालांकि जब ट्विटर को एलन मस्क ने खरीद लिया तो ट्रंप के अकाउंट को फिर से बहाल कर दिया गया।
गौर करने वाली बात है कि पिछले 5 महीनों में डोनाल्ड ट्रंप को चौथी बार गिरफ्तार किया गया है। लेकिन पहली बार पुलिस ने उनकी बुकिंग की तस्वीर को जारी किया है। तस्वीर को साझा करते हुए ट्रंप ने लिखा, चुनाव में हस्तक्षेप, कभी सरेंडर नहीं किया। बता दें कि इससे पहले पुलिस ने अमेरिका की कई जानीमानी हस्तियों के मग शॉट को जारी किया है जिसमे एल्विस, फ्रैक सिंटारा, एल केपोन, डॉक्टर मार्टिन लूथर किंग जूनियर शामिल हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मेरे खिलाफ केस राजनीति से प्रेरित हैं क्योंकि मैं रिपब्लिकन की ओर से राष्ट्रपति जो बाइडेन को चुनौती दे रहा हूं। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप जेल की बिल्डिंग के भीतर तकरीबन 20 मिनट तक के लिए रखा गया, इसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications