दुनिया के सबसे सस्ते शहरों में हैं भारत के ये 3 शहर, सिंगापुर है सबसे महंगा
रिपोर्ट में कहा गया है, हालांकि भारत एक तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था है, लेकिन इसके बावजूद वेतन और खर्च करने के मामले में यहां की ग्रोथ अब भी काफी कम है
नई दिल्ली। दुनिया के सबसे सस्ते शहरों की लिस्ट जारी हुई है। इन सबसे सस्ते शहरों में भारत के तीन शहरों को भी स्थान मिला है। ये शहर हैं- नई दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई। वहीं सिंगापुर का नाम सबसे महंगे शहर के रूप में शुमार है। यह लिस्ट इकोनॉमिस्ट इंटेलीजेंस यूनिट (EIU) के वर्ल्डवाइड कॉस्ट ऑफ लिविंग 2018 सर्वे में सामने आई है। सर्वे की रिपोर्ट में सीरिया की राजधानी दमिश्क दुनिया का सबसे सस्ता शहर बनकर उभरा है।

भारत एक तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था है
रिपोर्ट में कहा गया है, हालांकि भारत एक तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था है, लेकिन इसके बावजूद वेतन और खर्च करने के मामले में यहां की ग्रोथ अब भी काफी कम है। आय में असमानता इसका एक महत्वपूर्ण कारण है। आज भी घर खर्च चलाने के लिए यहां लोगों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है। पश्चिमी देशों की तुलना में यहां कम दर पर ग्रामीण क्षेत्रों से शहरी इलाकों में खाद्यान्नों और अन्य वस्तुओं की आपूर्ति, कुछ सामानों पर सरकारी सब्सिडी भी वस्तुओं के दाम बढ़ने से रोकते हैं।

भारत में रहना काफी सस्ता बना हुआ है
रिपोर्ट में आगे कहा गया कि हालांकि भारत में रहना काफी सस्ता बना हुआ है लेकिन अस्थिरता अभी भी रहने की लागत को घटाने में एक प्रमुख कारक बनकर उभर रही है। इसका अर्थ यह है कि दुनिया के कुछ सबसे सस्ते शहरों में जोखिम भी मौजूद है। सर्वे में बेंगलुरु, चेन्नई, कराची और नई दिल्ली जैसे 10 शहरों को सबसे सस्ते गंतव्य के रूप में दर्शाया गया है।

भारत और पाकिस्तान के शहर काफी ज्यादा किफायती हैं
सर्वे के मुताबिक, दक्षिण एशियाई शहर, विशेषकर भारत और पाकिस्तान के शहर काफी ज्यादा किफायती हैं। सबसे सस्ते 10 शहरों में दमिश्क के बाद दूसरे और तीसरे नंबर पर क्रमश: वेनेजुएला की राजधानी कराकास और कजाखस्तान का बिजनेस सेंटर कहलाने वाला अल्माटी है। इस लिस्ट में लागोस को चौथा, बेंगलुरु को पांचवां, कराची को छठां, अल्जीर्स को सातवां, चेन्नई को आठवां, बुखारेस्ट को नौवां और नई दिल्ली को 10वां स्थान हासिल हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications