ड्रग माफिया ओटोनील को मिली 45 साल की सजा, पाब्लो एस्कोबार के बाद दुनिया का सबसे खतरनाक शख्स
अमेरिका की एक अदालत ने बदनाम कोलंबियाई ड्रग माफिया डायरो एंटोनियो उसुगा उर्फ ओटोनील को 45 साल जेल की सजा सुनाई है। ओटोनील एक कुख्यात कोकीन तस्कर था जो 9 सालों से अधिक समय तक कोलंबिया के सबसे शक्तिशाली गिरोह का लीडर था।
ओटोनील अपने हिंसक पैरामिलिट्री ग्रुप को क्वलैन डेल गोल्फो के नाम से चलाता था। माफिया को न्यूयॉर्क की एक अदालत ने जनवरी में आपराधिक उद्यम चलाने और नशीली दवाओं की तस्करी के लिए दोषी ठहराया था।

मंगलवार को सजा सुनाए जाने के दौरान ओटोनील ने कहा कि उसे अपने किए पर खेद है। 51 वर्षीय ड्रग माफिया ने कहा, "मैं अमेरिका और कोलंबिया की सरकारों और मेरे द्वारा किए गए अपराधों के पीड़ितों से माफी मांगता हूं।" उसने युवाओं को सलाह देते हुए कहा कि वे वह रास्ता न अपनाएं जो उसने अपनाया है।
डेरियो एंटोनियो उसुगा डेविड या ओटोनील, कोलंबिया के उत्तर पश्चिमी हिस्से में एक किसान परिवार में पैदा हुआ था। 18 साल की उम्र में 1989 में वो पापुलर लिबरेशन आर्मी का हिस्सा बन गया। इस आर्मी को गुरिल्ला लड़ाई में महारत हासिल थी। यह ग्रुप अमीरों और जमींदारों के शोषण से गरीब किसानों की रक्षा करता था।
ओटोनील की मां ने 2015 में एक इंटरव्यू में बताया था कि उसका बेटा क्रांतिकारी या विद्रोही नहीं था लेकिन उस इलाके में जो कुछ चल रहा था उसकी वजह से वो संगठन का हिस्सा बना। 1991 में ईपीएल ने सरकार के साथ शांति के समझौते पर दस्तखत कर दिया जिसके बाद उसके सदस्य सामान्य जिंदगी में लौट आए।
इस बीच ओटोनील यूनाइटेड सेल्फ डिफेंस ऑफ कोलंबिया का हिस्सा बनने के साथ ही ड्रग ट्रैफिकिंग ग्रुप में भी शामिल हो गया। 2005 में ओटोनील, डैनियल रेंडन हेरेरा के लिए काम करने लगा जो उस समय लॉस उर्बेनॉस ड्रग ट्रैफिकिंग ग्रुप का लीडर था।
ओटोनील और उसके भाई गिओवनी ने 2009 में उस ग्रुप पर कब्जा जमा लिया। एक पुलिस छापे के दौरान जियोवानी की गोली लगने से मौत हो गई जिसके बाद, ओटोनियल ने मादक पदार्थों की तस्करी समूह का पूर्ण नेतृत्व अपने हाथ में ले लिया।
ओटोनील के बारे में कहा जाता है कि वह पाब्लो एस्कोबार के बाद दुनिया के खतरनाक ड्रग माफिया है। अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन ने उसे "दुनिया के सबसे हिंसक और विपुल ड्रग तस्करों में से एक" करार दिया। वह अपने दुश्मनों को जिंदा दफना देता था। उनका सिर काट कर फेंक देता था।
2009 में पुलिसिया कार्रवाई में ओटोनील के भाई के मारे जाने के बाद उसने एक दिन की हड़ताल का आदेश दिया था। इस दिन जिसने भी घर से निकलने की जुर्रत की, उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।
ओटोनील ने अमेरिका में ना सिर्फ कई खेप कोकीन भेजने का काम किया बल्कि पुलिस अधिकारियों को मारने में शामलि रहा। उसके ग्रुप में नाबालिगों की भर्ती की जाती थी और उनका यौन शोषण किया जाता था। कुख्यात ड्रग माफिया ओटोनील और एक अर्धसैनिक समूह क्वलैन डेल गोल्फो ने उत्तरी कोलंबिया के अधिकांश हिस्से को रक्तरंजित कर दिया।
उसुगा उर्फ ओटोनील को अक्टूबर 2021 में कोलंबियाई अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया था। मई 2022 में उसे मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपों का सामना करने के लिए इस शर्त पर अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया था कि उसे आजीवन कारावास की सजा नहीं दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications