यूक्रेन में घायल हुआ रूसी सैनिक, मुआवजे में मिलीं गाजर और प्याज की बोरियां, पत्नी ने रोते हुए सुनाया दुखड़ा
रूस और यूक्रेन के बीच जंग को दो महीने बाद 2 साल पूरे हो जाएंगे। इस जंग में दोनों ही देशों को भारी जान-माल की क्षति पहुंची है। कुछ रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया गया था कि रूस अपने युवाओं के सेना में भर्ती होने के लिए कई लुभावने ऑफर दे रहा है।
हालांकि इस बीच एक रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इंडिपेंडेंट आउटलेट मोजेम ओब्यसनित (वी कैन एक्सप्लेन) की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में बुरी तरह घायल हुए एक रूसी सैनिक को मुआवजे के रूप में सरकार से दो बाल्टी गाजर और प्याज का एक बोरा मिला।

रिपोर्ट में सैनिक की पत्नी का इंटरव्यू किए जाने का दावा किया गया है। इसमें सैनिक की पत्नी बताती है कि उन्होंने सोचा था कि उनके पति जिस पीड़ा से गुजरे हैं, उसके लिए उन्हें पैसे मिलेंगे, लेकिन इसके बजाय उन्हें केवल सब्जियां मिलीं।
सैनिक की पहचान 45 वर्षीय ओलेग रयबकिन के रूप में हुई है। ओलेग सितंबर 2022 में रूस की तरफ से लड़ने के लिए सेना में शामिल हुए थे। जून 2023 में वो ज़ापोरिज़िया ओब्लास्ट के रोबोटिन गांव में घायल हो गए। इस दौरान उनके दाएं घुटने में चोट आई। इसके अलावा उनके पेट लिवर और किडनी पर भी चोट का असर हुआ।
गंभीर रूप से घायल रयबकिन को यूक्रेन के एक स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया जहां सैन्य चिकित्सा आयोग ने उसे लड़ने के लिए "अस्थायी रूप से अयोग्य" मानते हुए उसके पेट की सर्जरी की। इसके बाद में उन्हें पुनर्वास के लिए सेंट पीटर्सबर्ग भेजा गया।
इसके बाद रूसी सेना ने उसे लड़ने के लिए अनफिट घोषित कर दिया। इसके बाद सरकार ने मुआवजे के बदले गाजर और प्याज की बोरियां भेज दीं। सैनिक की पत्नी इरीना रयबाकिना ने कहा कि उनके पति बेहद दर्द में हैं और उन्हें घुटने की सर्जरी की जरूरत है जिसके लिए अब तक कोई मुआवजा नहीं दिया गया है।
ओलेग रयबकिन की पत्नी ने कहा कि उनके पति के घुटने में इतनी गहरी चोट है कि वो चल नहीं पाते। उनका पैर मुड़ता नहीं है। दर्द बना रहता है। इसे कम करने के लिए पेनकिलर्स देने पड़ते हैं। उन्हें चलने के लिए सहारे की जरूरत होती है। बिना सहारे वो ठीक से खड़े भी नहीं हो पाते।
इरीना ने कहा कि उनके पति का इलाज चल रहा है। उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है लेकिन सरकार मदद नहीं कर रही। इरीना ने कहा कि नियम के मुताबिक उनके पति को 3 मिलियन रूबल ($ 32,730) और आजीवन पेंशन मिलनी चाहिए थी।












Click it and Unblock the Notifications