अमेरिका में कोरोना का कहर जारी, पिछले 24 घंटों में 1883 लोगों की मौत
वाशिंगटन। इस वक्त पूरी दुनिया कोरोना वायरस (कोविड-19) संकट का सामना कर रही है। इस वायरस से दुनिया का सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका है। यहां अब तक 11 लाख से अधिक लोग इस वायरस की चपेट में आ गए हैं। एएफपी न्यूज एजेंसी ने जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के हवाले से बताया है कि अमेरिका में बीते 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस से 1883 लोगों की मौत हो गई है।

यहां अब तक कोरोना वायरस से 65 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं संक्रमितों की संख्या 11 लाख को पार कर चुकी है। कोरोना वायरस दुनिया के करीब 212 देशों में फैला हुआ है। अमेरिका, फ्रांस, इटली, स्पेन, ब्रिटेन, जापान, भारत समेत कई देशों को इससे बचाव के लिए लॉकडाउन का फैसला लेना पड़ा। जिससे अर्थव्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
इस बीच कई देशों में संक्रमण के मामले बढ़ने के बावजूद अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए धीरे-धीरे लॉकडाउन खोलने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जबकि दुनिया में मरीजों की संख्या 33 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार दुनियाभर में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 2,37,720 हो चुकी है।
अमेरिका में बेशक कुल मृतक 65 हजार से ज्यादा हो चुके हैं लेकिन राज्यों के साथ ट्रंप प्रशासन बाजार खोलने की तैयारियां कर रहा है। यूरोपीय देशों में आधिकारिक रूप से लॉकडाउन में ढील देना शुरू कर दिया गया है, जबकि हालात अब भी सामान्य नहीं हो पाए हैं। वायरस के कहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिका और यूरोपीय देशों में कहर बरपाने के बाद अब ये रूस की तरफ रुख करता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को रूस में कोरोना संक्रमण के करीब 8 हजार नए मामले सामने आए हैं।
जिसके बाद देश में कुल मामले बढ़कर एक लाख 14 हजार 431 हो गए हैं। यहां एक दिन में अब तक सबसे अधिक 7,933 मामले सामने आए हैं। प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तीन भी वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। देश में मरने वालों का आंकड़ा 1,169 पर पहुंच गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी मिशुस्तीन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।












Click it and Unblock the Notifications