पहला देश: 60 साल से ऊपर के लोगों को इजरायल में लग रही वैक्सीन की तीसरी डोज
नई दिल्ली, 29 जुलाई: पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के खिलाफ युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान जारी है। इस बीच इजरायल ने एक बड़ा कदम उठाया, जिसके तहत वो अब 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन की तीसरी खुराक दे रहा है। साथ ही ऐसा करने वाला वो पहला देश है, क्योंकि अभी तक सभी वैक्सीन के दो ही शॉट लोगों को दिए जा रहे हैं। इसके लिए बकायदा वहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने नई गाइडलाइन भी जारी कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायल सिर्फ उन ही 60+ लोगों को वैक्सीन की तीसरी खुराक देगा, जिन्होंने कम से कम 5 महीने पहले दोनों खुराक ले ली थी। चैनल 13 के मुताबिक सरकार के इस कदम को डेल्टा वेरिएंट के प्रसार को धीमा करने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्रालय ने पहले संक्रमण के खिलाफ टीके की प्रभावशीलता में गिरावट की सूचना दी थी।
रिपोर्ट में आगे कहा गया कि विशेषज्ञों ने इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय को बताया कि ऐसे लोग जिनकी उम्र 60 साल से ज्यादा है और वो किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं, तो उनमें वैक्सीन की प्रभावशीलता 97 प्रतिशत से घटककर 81 प्रतिशत हो जा रही है। अभी कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले 4 हजार से ज्यादा इजरायलियों को तीसरा शॉट दिया जा चुका है, लेकिन उन पर कोई खास साइड इफेक्ट नहीं हुआ। हालांकि कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि तीसरी डोज की प्रभावशीलता के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना चाहिए।
फाइजर ने भी कही ये बात
वैक्सीन निर्माता फाइजर ने भी बुधवार को कोविड -19 के खिलाफ उच्च सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक अतिरिक्त खुराक की वकालत की। कंपनी ने कहा कि वो अगस्त में बूस्टर शॉट्स के लिए अमेरिकी आपातकालीन प्राधिकरण के यहां आवेदन करेगी।












Click it and Unblock the Notifications