कोरोना वायरस: ब्रिटेन ने भारत को रेड लिस्ट में डाला, यात्रियों की एंट्री पर लगाया बैन
कोरोना वायरस: ब्रिटेन ने भारत को रेड लिस्ट में डाला, यात्रियों की एंट्री पर लगाया बैन
लंदन, 19 अप्रैल: ब्रिटेन ने भारत को ट्रैवल रेड लिस्ट में शामिल कर दिया है। भारत में फैल रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए ब्रिटेन की सरकार ने ये फैसला लिया है। इस फैसले के बाद अब ब्रिटेन में भारतीयों की एंट्री पर रोक लग गई है। ब्रिटेन सरकार के नए आदेश तक भारतीय यात्रियों की एंट्री वहां नहीं होगी। कोरोना संक्रमण का हवाला देते हुए ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन के अपना प्रस्तावित भारत दौरा रद्द करने के कुछ घंटे बाद ही ये फैसला लिया गया है। ब्रिटेन में काफी लोग कोरोनाके बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत को 'रेड लिस्ट' में शामिल करने की मांग भी कर चुके थे।

ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने सोमवार को कहा कि कोरोना के मामलों के मद्देनजर भारत को रेड लिस्ट वाले देशों की लिस्ट में डाला जा रहा है। इसके तहत भारतीयों की ब्रिटेन में एंट्री पर रोक होगी। हालांकि यूके और आयरिश नागरिकता वाले लोगों की एंट्री पर रोक नहीं होगी। ब्रिटिश और आयरिश पासपोर्ट वाले यात्रियों को इस नियम से बाहर रखा गया है। इनको एंट्री होगी लेकिन 10 दिन संस्थागत क्वारंटाइन में रहना होगा। ब्रिटेन ने भारत से पहले भी कई देशों को रेड लिस्ट में डाला हुआ है। इस महीने 9 अप्रैल से ब्रिटेन ने पाकिस्तान, केन्या, फिलीपींस और बांग्लादेश के लोगों की एंट्री बैन की थी।
ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन का भारत दौरा भी रद्द
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने सोमवार को ही इस सप्ताह होने वाले अपने भारत दौरे को भी रद्द कर दिया है। ब्रिटिश पीएम रविवार से भारत के चार दिनों के दौरे पर आने वाले थे लेकिन देश में बढ़ते कोरोना मामलों की वजह इसे रद्द कर दिया गया है।
देश में तेजी से बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले
देश में कोरोना केस काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में लगातार दो लाख से नए मामले हर रोज आ रहे हैं। सोमवार को लगातार पांचवें दिन दो लाख से ज्यादा केस आए हैं। आज 2.73 लाख से अधिक नए मामले सामने आए वहीं 1,619 मौतें दर्ज की गई। इसके बाद देश में अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1,50,61,919 हो गया है। अब तक कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 1,78,769 हो गई है। देश में फिलहाल कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 19,29,329 है।












Click it and Unblock the Notifications