Coronavirus: चीन में हुईं अगर केवल 3, 270 मौतें तो कहां गायब हो गए 2 करोड़ मोबाइल यूजर्स?
बीजिंग। कोरोना वायरस महामारी को लेकर चीनी सरकार भले ही कितने दावे करें, मगर दुनिया उस पर भरोसा नहीं कर पा रही है। चीन में हर नागरिक के लिए मोबाइल फोन एक अहम हिस्सा है और अब ये मोबाइल फोन कनेक्शन ही उसके झूठ की पोल खोल रहे हैं। जिनपिंग सरकार की तरफ से दावा किया जा रहा है कि देश में 3,270 लोगों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है जबकि हकीकत इससे बहुत अलग है। लेकिन चीन के दावे पर दुनिया को अभी तक यकीन नहीं हो पा रहा है। इटली से रोजाना आने वाली खबरें भी उस पर शक की सुई को और गहरा कर देती हैं। आइए आपको बताते हैं कि क्या वजहें हैं जिनकी वजह से चीनी सरकार के दावे पर कोई यकीन नहीं कर पा रहा है।

तीन माह में कम हुए 21 मिलियन कस्टमर
चीन में दिसंबर से लेकर फरवरी तक 21 मिलियन यानी दो करोड़ से कुछ ज्यादा मोबाइल कनेक्शन कम हुए हैं। हुबेई प्रांत की वुहान सिटी से दिसंबर माह में कोरोना वायरस का पता लगा था। पिछले तीन माह में चीन में करीब 21 मिलियन यानी दो करोड़ मोबाइल यूजर्स कम हो गए हैं। चाइना मोबाइल की वेबसाइट के मुताबिक जनवरी और फरवरी में ग्राहकों की संख्या में आठ मिलियन यानी 80 लाख से ज्यादा ग्राहक कम हुए। दूसरी कंपनी चाइना टेलीकॉम कॉर्प की तरफ से बताया गया है कि 5.6 मिलियन यानी 56 लाख और चाइना यूनिकॉम हांगकांग लिमिटेड के ग्राहक जनवरी माह में 1.2 मिलियन कम हो गए हैं। सिर्फ इतना ही नहीं लैंडलाइन फोन यूजर्स की संख्या 190.83 मिलियन से गिरकर 189.99 मिलियन पर आ गई है। यह गिरावट करीब 840,000 के आसपास है।

क्या कहते हैं आंकड़ें
19 मार्च को न्यूयॉर्क स्थित चीनी ब्लॉगर जेनिफर जेग की तरफ से आधिकारिक आंकड़ें जारी किए गए थे। इनके मुताबिक फरवरी माह के दौरान सेलफोन यूजर्स की संख्या 1.600957 बिलियन से गिरकर 1.579927 बिलियन पर आ गई है। 18 दिसंबर 2019 को नवंबर माह के आंकड़े जारी हुए। इन आंकड़ों में भी सेलफोन और लैंडलाइन यूजर्स की संख्या में इजाफे की बात कही गई थी। 18 दिसंबर को आए आंकड़ों में चीन में सेलफोन यूजर्स की संख्या में 24.37 मिलियन यानी दो करोड़ से ज्यादा और लैंडलाइन यूजर्स की संख्या में 6.641 मिलियन यानी छह करोड़ से ज्यादा का इजाफा दर्ज किया गया था। जेंग के मुताबिक गिरावट की वजह कोरोना वायरस की वजह से हुई मौत हो सकती है जिसके बाद इनके अकाउंट बंद करदिए गए हैं।

बिना मोबाइल कोई काम नहीं कर सकते हैं चीनी नागरिक
अमेरिकी इंडिपेंडेंट न्यूज मीडिया एपॉच टाइम्स, जिसे कुछ अमेरिकी चीनी नागरिक चलाते हैं, उसमें विस्तार से बताया गया है कि कैसे चीन में सेलफोन किसी भी आम आदमी की जिंदगी का बड़ा हिस्सा बन गए हैं। जिनपिंग सरकार की तरफ से हर सर्विस का पूरी तरह से डिजिटलीकरण कर दिया गया है। एक दिसंबर 2019 को चीन की सरकार ने हर उस इंसान के लिए फेशियल स्कैन को जरूरी कर दिया था जिसने मोबाइल फोन को अनिवार्य के तौर पर रजिस्टर करा रखा है। हेल्थ सेक्टर की कई स्कीम का फायदा उठाने के लिए भी लोगों को मोबाइल फोन की जरूरत है।

रोजाना 1200 लाशें जलाने का दावा
इन सबके अलग चीनी अरबपति ग्यूओ वेग्यूई जो अमेरिका में निर्वासित जिंदगी जी रहे हैं, उन्होंने फरवरी में दावा किया था कि वुहान में रोजाना सरकार 1200 लाशें जलाई जा रही हैं। ग्यूओ ने दावा किया था कि सरकार 1.4 मिलियन पोर्टेबल क्रीमेटोरिअम यापी शव दाहगृह पूरे चीन में इंस्टॉल करने की तैयारी में है। इस दावे के बाद अमेरिका की सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (सीडीसी) को भी चीन पर शक है उसने मृतकों का आंकड़ा छिपाया है।












Click it and Unblock the Notifications