श्रीलंका ने दिया झटका तो अब मालदीव में जासूसी जहाज रखेगा चीन, क्या मुइज्जू भारत को जानबूझकर उकसा रहे?
हाल ही में श्रीलंका ने चीनी जहाजों को अपने देश के बंदरगाहों पर रुकने के लिए एक साल का प्रतिबंध लगा दिया था। ऐसे में अब चीन ने मालदीव के रूप में एक नया ठिकाना ढूंढ़ लिया है। एक चीनी 'जासूसी' जहाज तेजी से मालदीव की ओर बढ़ता जा रहा है।
सोमवार सुबह को इसकी आखिरी लोकेशन इंडोनेशिया के सुंडा जलडमरूमध्य के समीप थी जहां से इसने हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में प्रवेश किया था। मालदीव की ओर जा रहा ये चीनी 'जासूसी' जहाज भारत और माले के बीच राजनयिक विवाद का एक नया कारण बन सकता है।

यह समय मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की हालिया चीन यात्रा के साथ मेल खाता है, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करना है। हालांकि इस जासूसी जहाज का हिन्द महासागर में होना भारत के लिए चिंता की बात है, क्योंकि भारत ने पहले भी 2022 में श्रीलंका सहित अपने तटों के पास ऐसे जहाजों की उपस्थिति को समस्याग्रस्त माना था।
आधिकारिक तौर पर ये जहाज सैन्य जहाज नहीं हैं। लेकिन, यह भारत और अन्य के लिए चिंताजनक हो सकता है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को भारतीय नौसेना के एक अधिकारी ने कहा है कि चीन का खुफिया जहाज जियांग यांग होंग 03 (XIANG YANG HONG 03) इंडोनेशिया के सुंडा स्ट्रेट से होते हुए हिंद महासागर में घुसा और अब मालदीव की तरफ बढ़ रहा है।
ये जहाज मालदीव इसलिए जा रहा है क्योंकि श्रीलंका ने इसे अपने किसी भी बंदरगाह पर रुकने की इजाजत नहीं दी थी। ये जहाज 4-5 जनवरी को श्रीलंकाई बंदरगाह पर रुकने वाला था लेकिन इससे पहले श्रीलंकाई सरकार ने चीनी जहाजों के देश में रुकने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
नए साल की पहली तारीख को पड़ोसी देश श्रीलंका ने चीन को बड़ा झटका देते हुए भारत के हित में एक अहम फैसला लिया था। श्रीलंका ने अपने समुद्री क्षेत्र में विदेशी जासूसी जहाजों के संचालन पर 12 महीने की रोक लगा दी थी। आपको बता दें कि भारत श्रीलंकाई तटों पर चीनी जहाजों के रुकने पर आपत्ति जताता रहा है। इस वजह से दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव भी देखने को मिलता है।
श्रीलंका में रुकने की अनुमति न मिलने के बाद ये जहाज हिन्द महासागर में ही मंडरा रहा है। ऐसे में भारतीय नौसेना इस चीनी अनुसंधान जहाज की आवाजाही पर बारीकी से नजर रख रही है। इस जहाज के कुछ सप्ताह के भीतर मालदीव पहुंचने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि ये जहाज फरवरी के पहले सप्ताह में मालदीव पहुंच सकता है।












Click it and Unblock the Notifications