चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग नहीं आएंगे भारत, प्रधानमंत्री ली कियांग लेंगे G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा
G20 summit: चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग नई दिल्ली में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत का दौरा नहीं करेंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में उन रिपोर्टों की पुष्टि की है, कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, कि भारत गणराज्य की सरकार के निमंत्रण पर, राज्य परिषद के प्रधान मंत्री ली कियांग 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली (भारत) में आयोजित होने वाले 18वें जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

वहीं, रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रवक्ता माओ ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा है, कि चीन को उम्मीद है, कि शिखर सम्मेलन सर्वसम्मति को मजबूत कर सकता है, विश्वास व्यक्त कर सकता है और विकास को बढ़ावा दे सकता है।
मार्च 2023 में चीन के प्रधान मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद ली कियांग की यह पहली भारत यात्रा होगी। शंघाई के पूर्व कम्युनिस्ट पार्टी प्रमुख को शी जिनपिंग के मजबूत वफादार के रूप में जाना जाता है और वर्तमान में बीजिंग में ली कियांग, शी जिनपिंग के नंबर 2 हैं।
चीनी राष्ट्रपति नहीं आएंगे भारत
चीनी पक्ष की ओर से पुष्टि, शिखर सम्मेलन में शी जिनपिंग की उपस्थिति को लेकर पिछले कई दिनों से लगाई जा रही अटकलों के बाद आई है। वहीं, बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री एंथनी अल्बनीस, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़, ब्रिटेन के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक जैसे विश्व नेता शामिल हो रहे हैं।
इसके अलावा, जापान के प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा भी दिल्ली आ रहे हैं।
जी20 शिखर सम्मेलन में नहीं आने वाले नेताओं में शी जिनपिंग के अलावा व्लादिमीर पुतिन शामिल हैं।
इससे पहले, राष्ट्रपति बाइडेन ने उन रिपोर्टों पर निराशा व्यक्त की थी, कि चीनी नेता के शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेने की संभावना है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह भारत और वियतनाम की अपनी यात्रा के लिए उत्सुक हैं, अमेरिकी नेता ने कहा था, कि "हां, मैं हूं।"
वहीं, जी20 शिखर सम्मेलन के समापन पर, पीएम मोदी जी20 प्रेसीडेंसी की कमान ब्राजील के राष्ट्रपति लूला को सौंपेंगे, जिसके बाद ब्राजील 1 दिसंबर को औपचारिक रूप से जी20 प्रेसीडेंसी ग्रहण करेगा।












Click it and Unblock the Notifications