G-20 Summit: पुतिन के बाद शी जिनपिंग भी नहीं आएंगे भारत, PM ली कियांग समिट में लेंगे हिस्सा
Delhi G-20 Summit: राजधानी दिल्ली में होने वाले जी-20 समिट में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रधानमंत्री ली कियांग करेंगे।
सूत्रों के अनुसार चीन ने आधिकारिक तौर पर भारत को बता दिया है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे और उनकी जगह प्रधानमंत्री ली कियांग चीनी डेलिगेशन को लीड करेंगे।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को चीन ने इसकी जानकारी भारत को दे दी है। इससे एक दिन पहले तक जी20 के विशेष सचिव मुक्तेश परदेशी ने कहा था कि भारत शिखर सम्मेलन में शी जिनपिंग की उपस्थिति पर चीन से लिखित पुष्टि का इंतजार कर रहा है।
43वें आसियान शिखर से सीधा भारत आएंगे
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग 5-7 सितंबर को जकार्ता में 43वें आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद वहां से सीधे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। हालांकि विदेश मंत्रालय द्वारा आधिकारिक सूचना का अभी भी इंतजार है।
पुतिन के बाद दूसरे जी20 नेता जिनपिंग
ऐसा पहली बार होगा जब शी जिनपिंग जी20 शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। वहीं चीनी राष्ट्रपति 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले शिखर सम्मेलन को छोड़ने वाले दूसरे जी20 नेता हैं।
पीएम मोदी से पुतिन ने की थी बात
इससे पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने टेलीफोन पर बातचीत के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा था कि वह शिखर सम्मेलन में भाग लेने में असमर्थ होंगे। जिसके बाद रूस का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव करेंगे।
दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन
जी20 समूह के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में भारत 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। समिट में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस, जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और ब्राजीलीयाई राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा सहित जी-20 के अधिकतर सदस्य देशों के नेता समिट में शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications