चीन की पुलिस का ये चश्मा है बेहद खास, अपराधियों को देखते ही लेता है पहचान
नई दिल्ली। चीन नववर्ष के जश्न से पहले चीन में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। अपराधियों को पकड़ने के लिए चीन की पुलिस चेहरे को पहचानने की तकनीक से लैस चश्मे का प्रयोग कर रही हैं। चीन के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों पर इस चश्मे के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। चीन के सेंट्रल डाटाबेस से जुड़ा यह चश्मा भारी संख्या में यात्रियों के बीच भी अपराधियों पर नजर रखेगी।

चीनी डाटाबेस से जुड़ा है ये चश्मा
मिली जानकारी के मुताबिक चीन के सेंट्रल डाटाबेस में सभी अपराधियों का रिकॉर्ड रखा जाता है। इस चश्मे को इस डाटाबेस से लिंक किया गया है। जिससे की इस पहनने वाले पुलिसकर्मी को किसी भी संदिग्ध आदमी को देखते ही उसकी सभी व्यक्तिगत जानकारी- नाम, लिंग, धर्म, पता, अपराधिक रिकॉर्ड आदि की जानकारी मिनटों में मिल जाएगी।

अब तक इतने लोग हो चुके हैं गिरफ्तार
चीनी मीडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस चश्मे की मदद से झेंग्झौ रेलवे स्टेशन पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इस चश्मे की मदद से 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों पर अपरहरण, और हिट-एंड-रन के आरोप थे। साथ ही 26 और लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है जो फर्जी पहचान पत्र के साथ यात्रा कर रहे थे।

मोबाइलनुमा डिवाइस से जुड़ा है चश्मे का कैमरा
EASTDAY.COM ने इस चीनी पुलिस की इस तकनीक की फोटो जारी की है। इन फोटो में एक महिला पुलिसकर्मी काले रंग का चश्मा लगाए हुए दिखाई दे रही है जिसके दाहिनी तरफ एक छोटा कैमरा लगा है। ये कैमरा एक मोबाइलनुमा इलेक्ट्रानिक डिवाइस से जुड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक चश्मे में लगा कैमरा पहले आदमी की तस्वीर को लेकर चीन के डाटाबेस को भेजता है और फिर उस डाटाबेस से मिनटों में उस आदमी की जानकारी इस मोबाइलनुमा डिवाइस में दिखाई देने लगती है जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करती है।












Click it and Unblock the Notifications