भारत-अमेरिका से टेंशन के बीच चीन का शक्ति प्रदर्शन, एंटी बैलिस्टिक मिसाइल का किया परीक्षण
भारत से सीमा विवाद के बीच चीन ने एंटी बैलिस्टिक मिसाइल के सफल परीक्षण करने का दावा किया है। हालांकि, चीन की तरफ से कहा गया है कि ये परीक्षण ताकत दिखाने के लिए नहीं है।
China test antiballistic missile: भारत के साथ सीमा विवाद और अमेरिका के बिगड़े हालात के बीच चीन ने एक बार फिर से दुनिया को अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की है। चीन ने एंटी बैलिस्टिक मिसाइल (antiballistic missile) के सफल परीक्षण करने का दावा किया है। हालांकि, चीन (China) की तरफ से कहा गया है कि ये परीक्षण ताकत दिखाने के लिए नहीं है।

ताकत दिखाने का इरादा नहीं
चीन ने कई मोर्चों पर पंगा पाल रखा है। एक तरफ भारत के साथ सीमा विवाद चरम पर है तो अमेरिका के साथ ताइवान में युद्ध जैसे हालात को जन्म दे चुका है। इन सबके बीच चीन ने अपने विरोधियों को ताकत दिखाने के लिए एंटी बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण करने का दावा किया है। चीनी सरकार के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स ने दावा किया है कि 'चीन ने लैंड बेस्ड, मिड-कोर्स एंटी बैलिस्टिक मिसाइल (ABM) का सफल परीक्षण किया है। इस परीक्षण का मकसद दुश्मन की मध्यम दूरी तक मार करने वाली मिसाइल को बीच रास्ते में ही ध्वस्त करने की क्षमता का परीक्षण करना है। चीनी विशेषज्ञों ने दावा किया है कि इस एंटी बैलिस्टिक मिसाइल के जरिए अंतरिक्ष में सैटेलाइट को भी तबाह किया जा सकता है'

चीनी रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को दावा किया है कि चीन ने एंटी बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण अपनी सीमा के अंदर ही किया है, जिसने अपने लक्ष्य को भेदने में कामयाबी हासिल की है। चीन का कहना है कि एंटी बैलिस्टिक मिसाइल के परीक्षण के पीछे देश की रक्षा प्रणाली में इजाफा करना है ना कि किसी देश को लक्ष्य के तौर पर रखा गया है।
बीच रास्ते मिसाइल को मार गिराया
चीन ने भले ही दावा किया है कि मिसाइल परीक्षण का मकसद किसी देश को लक्ष्य में रखकर नहीं किया गया था मगर ये परीक्षण चीन का ताकत प्रदर्शन ही माना जा रहा है। ग्लोबल टाइम्स ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एंटी बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण का वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में मिसाइल को बीच रास्ते में ही ध्वस्त होता दिखाया जा रहा है। चीन ने दावा किया है कि ABM सिस्टम में उसने महारत हासिल कर ली है। चीन ने इससे पहले 2010, 2013, 2014 और 2018 में भी एंटी बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था। ग्लोबल टाइम्स ने कहा है कि चीन अब ABM टेक्नोलॉजी को लेकर महारत हासिल कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications