सालों से थी मां-बाप की तलाश, मिले तो अपनाने से किया इनकार... दुखी लड़के ने उठाया खौफनाक कदम
चीनी मीडिया और रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2005 में जब लियू शुझोउ काफी छोटा था, तभी उसके जैविक माता पिता ने उसे किसी और परिवार के हाथों बेच दिया था।
बीजिंग, जनवरी 26: चीन में एक सालों से मां-बाप की तलाश कर कर रहे एक किशोर ने जो खौफनाक कदम उठाया है, उसने पूरे चीन को शॉक कर दिया है। सालों से एक किशोर अपने मां-बाप की तलाश कर रहा, लेकिन मिलने के बाद भी मां-बाप ने किशोर को अपनाने से इनकार कर दिया, जिससे दुखी होकर 17 साल के लड़के ने खुदकुशी कर ली। इस घटना सामने आने के बाद चीन के समाज में बहुत बड़ी बहस चल पड़ी है।

सालों से था मां-बाप की तलाश
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, 17 साल के चीनी लड़के लियू शुझोउ को सालों पहले उसके मां-बाप ने बेच दिया था, लेकिन पराए हाथों में जाने के बाद भी लियू शुझोउ अपने मां-बाप की तलाश कर रहा था। सालों की कठिन तलाश के बाद आखिरकार लियू शुझोउ ने अपने मां-बाप की तलाश कर ही ली, लेकिन उस वक्त उसके पैरों तले जमीन खिसक गई, जब लियू शुझोउ को उसके मां-बाप ने अपने साथ रखने से मना कर दिया। लियू शुझोउ ने बचपन से ही अपने मां-बाप के साथ रहने का सपना देखा था, लेकिन मां- बाप का इनकार वो बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने खुदकुशी कर ली।

चीन में राष्ट्रीय बहस बना बच्चा
लियू शुझोउ की दर्दनाक कहानी ने चीन के समाज में गुस्से की लहर भर दी है और 17 साल के बच्चे लियू शुझोउ के लिए लोग भारी संख्या में अपने समर्थन और सहानुभूति का इजहार कर रहे हैं। वहीं, लियू शुझोउ की दर्दनाक कहानी के बाद उस मां-बाप के लिए लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है, जिसने अपने 17 साल के बेटे को अपनाने से इनकार कर दिया था। 17 साल के बच्चे की कहानी का उस वक्त खुलासा हुआ था, जब उसने चीनी सोशल मीडिया वीबो पर एक वीडियो पोस्ट करके लोगों से अपने मां-बाप की तलाश में मदद मांगी थी, जिसके बाद चीन में लियू शुझोउ की मदद के लिए कई हाथ आगे आए थे।

2005 में मां-बाप ने बेचा
चीनी मीडिया और रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2005 में जब लियू शुझोउ काफी छोटा था, तभी उसके जैविक माता पिता ने उसे किसी और परिवार के हाथों बेच दिया था और दूसरा परिवार लियू शुझोउ को अपने साथ लेकर चला गया था। लेकिन, कुछ सालों के बाद एक कार हादसे में उसके 'दत्तक पैरेंट्स' की मौत हो गई, जिसके बाद लियू शुझोउ को ज्यादातर वक्त अपने दादा-दादी और अन्य रिश्तेदारों के साथ ही रहना पड़ा, लेकिन जबसे उसे पता चला था, कि वो जिस घर में रह रहा है, वहां उसे बेचा गया था, तब से वो अपने जैविक माता-पिता की तलाश में लग गया था।

दिसंबर में असली मां-बाप को खोजा
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने दिसंबर में ही 17 साल के हो चुके लियू शुझोउ ने अपने जैविक मां-बाप की तलाश करने में कामयाबी हासिल कर ली, लेकिन जब उसने अपने असली मां-बाप को खोजा, तो उसे पता चला कि, उसके असली मां-बाप के बीच तलाक हो चुका है और वो दोनों अलग अलग शादी भी कर चुके हैं, जिसके बाद लियू शुझोउ का दिल बुरी तरह से टूट गया था। चीनी सोशल मीडिया वीबो पर लियू शुझोउ ने एक वीडियो में बताया था कि, अपने जैविक माता-पिता से मिलना उसके लिए सबसे सुखद अहसास है।

मां-बाप ने अपनाने से किया इनकार
लियू शुझोउ ने अपने मां-बाप की तलाश कर रही थी और जब उसने उनके साथ रहने की इच्छा जताई, तो उसे बुरी तरह से झटका लगा। चीनी सोशल मीडिया पर लियू शुझोउ ने बताया कि, उसने अपने मां- बाप के साथ ही रहने की इच्छा जताई, लेकिन उन्होंने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया। जिसके बाद उसने उनसे कोई घर खरीद देने, या फिर कोई घर किराये पर दिला देने के लिए कहा, क्योंकि उसके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं था, जिसके लिए भी उसके मां-बाप ने मना कर दिया। लियू शुझोउ ने वीबो पर बताया कि, उसके मां-बाप ने उसके नंबर को ब्लॉक कर दिया था और उसे वीचैट पर भी ब्लॉक कर दिया और उसे साफ तौर पर कहा गया, कि वो उसके साथ संबंध नहीं रखना चाहते हैं।

कोर्ट में जाने की दी थी धमकी
रिपोर्ट के मुताबिक, लियू शुझोउ की मां ने कहा है कि, लियू शुझोउ उनके ऊपर घर खरीद देने के लिए दवाब बना रहा था और कोर्ट जाने की धमकी दे रहा था। वहीं, सोशल मीडिया पर कई लोगों ने लियू शुझोउ की इस बात के लिए आलोचना करनी शुरू कर दी थी और कहना शुरू कर दिया था, कि वो सिर्फ एक घर के लिए अपने मां-बाप के पीछे पड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पर कई लोग लियू शुझोउ की बुरी तरह से आलोचना कर रहे थे, जबकि लियू शुझोउ का कहना था कि, वो सिर्फ अपने मां- बाप के साथ रहना चाहता है।

लियू शुझोउ ने उठाया खौफनाक कदम
चीनी मीडिया के मुताबिक, सोमवार रात 17 साल के लियू शुझोउ ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर खुदकुशी कर लिया, जिसमें उसने लिखा है कि, कैसे उसे दो-दो बार उसके माता- पिता ने अपनाने से इनकार कर दिया। लियू शुझोउ ने अपने आखिरी पोस्ट में लिखा है कि, वो अपने मां-बाप से कोई घर नहीं चाहता था, लेकिन कई लोग उसपर आरोप लगा रहे थे, कि वो सिर्फ घर के लिए अपने मां-बाप के पीछे पड़ा हुआ है। एक लंबे पोस्ट में लियू शुझोउ ने लिखा है कि, वो अपनी जिंदगी खत्म कर रहा है, क्योंकि उसे कई नामों से बुलाया जाता है और उसके जैविक माता-पिता उसे अपने साथ रखने तक नहीं चाहते हैं। वहीं, लियू शुझोउ की चाची ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी है।

मौत के बाद लोगों में मातम
17 साल के किशोर लियू शुझोउ की मौत के बाद सोशल मीडिया पर उसके लिए संवेदनाएं उमड़ पड़ी और चीन के लोगों ने उन लोगों को कोसना शुरू कर दिया, जिन्होंने 17 साल के लियू शुझोउ को लालची कहा था। एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा कि, लियू शुझोउ अपने मां-बाप की तलाश कर रहा था, लेकिन जिस तरीके से उसे प्रताड़ित किया गया, उसमें कोई वयस्क आदमी टूट सकता है, वो तो अभी भी एक बच्चा ही था। वहीं, कई लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि, उम्मीद है कि, लियू शुझोउ को अगली जिंदगी में एक अच्छा परिवार मिलेगा, जहां उसे खूब प्यार मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications