Coronavirus: दूसरे लॉकडाउन के साथ ही फ्रांस में अफरा-तफरी का माहौल
पेरिस। आतंकवाद की मार झेल रहे फ्रांस में कोरोना वायरस के चलते दूसरा लॉकडाउन लगा दिया गया है। गुरुवार से शुरू इस लॉकडाउन ने अथॉरिटीज की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। हजारों लाखों लोग राजधानी पेरिस से लॉकडाउन का ऐलान होते ही निकलने की कोशिशें करते देखे गए। इसके अलावा कई जगह पर लॉकडाउन के विरोध में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं तो कहीं दुकानों में लूटपाट की जा रही है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो ने बुधवार रात साल के दूसरे लॉकडाउन की घोषणा की थी।

Recommended Video
हेयर सैलून के बाहर भी भीड़
फ्रांस में लोग रात नौ बजे के कर्फ्यू और आधी रात को लगने वाले दूसरे लॉकडाउन में होने वाली असुविधा से बचने के लिए भारी संख्या में बाहर निकल पड़े। पूरी रात सड़कें गाड़ियों के शोर से गूंजती रहीं। लोग बस किसी तरह से लॉकडाउन से पहले पेरिस से निकल जाना चाहते थे। एक दिसंबर तक देश में लॉकडाउन रहेगा और इससे पहले लोग अपने करीबियों से मिलने का मौका नहीं चूकना चाहते थे। सुपरमार्केट्स भी पूरी तरह से खाली हो चुकी थीं और लोग सबकुछ खरीदने की कोशिशों में नजर आए। लोगों ने पास्ता और टॉयलेट पेपर को ज्यादा से ज्यादा खरीदने और इकट्ठा करने की कोशिशें की। सिर्फ इतना ही नहीं हेयरकटिंग सैलून के बाहर भी भीड़ नजर आई। लॉकडाउन के दौरान लोगों को घरों से बाहर निकलने की मंजूरी नहीं है। अगर उन्हें किसी कारणवश बाहर जाना है तो फिर उनके पास पुलिस की लिखित मंजूरी होनी चाहिए। फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी है कि लाखों लोग इस बार बीमारी से प्रभावित हो सकते हैं। वहीं पीएम जीन कास्टेक्स ने छह साल से ज्यादा आयु के स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया है।
तो हो जाएंगी 4 लाख मौतें
मैंक्रो ने टीवी पर दिए अपने संबोधन के दौरान कहा, 'वायरस बहुत तेजी से फ्रांस में फैल रहा है और जिस रफ्तार से यह लोगों को निशाना बना रहा है, उसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी।' उन्होंने अपने संबोधन में यह माना कि पेरिस और देश के दूसरे बड़े शहरों में जो कर्फ्यू दो हफ्ते पहले लगाया गया था, वह दूसरी लहर को रोकने में नाकाम रहा है। फ्रांस में अब तक कोरोना की वजह से 35,000 लोगों की मौत हो चुकी है। मैंक्रो ने आगे कहा, 'यूरोप के दूसरे हिस्सों की तरह ही फ्रांस भी वायरस के प्रकोप को दूसरी बार झेल रहा है। यह दूसरी लहर शायद बहुत मुश्किल और इस पहली लहर से ज्यादा जानलेवा है।'मैंक्रो ने कहा कि अगरे सरकार ने नहीं कुछ नहीं किया तो कुछ माह के अंदर देश में वायरस की वजह से 400,000 अतिरिक्त मौंतें होंगी। मैंक्रो ने चेतावनी दी कि अस्पतालों के आईसीयू में पहले ही 3,000 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं जिन्हें बेड नहीं मिल रहा है और सरकार चाहें कुछ भी कर ले, नवंबर माह के मध्य तक कम से कम 9,000 और लोग आईसीयू में होंगे। बुधवार को सेंट पब्किल फ्रांस हेल्थ एजेंसी ने कोरोना वायरस की वजह से 244 और मौतों की जानकारी दी है। यह आंकड़ा 24 घंटे का है और 36,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications