कनाडा में ट्रक ड्राइवरों का प्रदर्शन, ओंटारियो में भी इमरजेंसी का किया गया ऐलान
ओटावा, 11 फरवरी: कनाडा में 12 दिन से ज्यादा से चल रहे ट्रक ड्राइवरों का विरोध के चलते ओंटारियो प्रांत में आपातकाल (स्टेट ऑफ इमरजेंसी) की घोषणा कर दी गई है। ट्रक ड्राइवरों के विरोध के चलते कनाडा के बड़े हिस्से में हालात नाजुक हैं। इस प्रदर्शन की वजह से अमेरिका के साथ लगे बॉर्डर पर रास्ते बंद हैं, जिससे व्यापार काफी ज्यादा प्रभावित है। कनाडा की राजधानी ओटावा में पहले ही आपातकाल की घोषणा की जा चुकी है।

कनाडा में कोरोना वैक्सीन को अनिवार्य किए जाने और लॉकडॉउन के खिलाफ ये प्रदर्शन हो रहा है। हजारों की तादाद में ट्रक ड्राइवर्स अपने ट्रकों को लेकर सड़कों पर उतरे हुए हैं। राजधानी ओटावा के आसपास के इलाके इससे जाम हैं। करीब 70 किमी तक ट्रकों का काफिला सड़क पर है, जिसे प्रदर्शनकारी 'फ्रीडम कान्वॉय' कह रहे हैं।
कनाडा की राजधानी ओटावा में प्रदर्शन कर रहे करीब 50 हजार प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पीएम जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे तक यहां डटे रहेंगे। ट्रक चालकों के प्रदर्शन से कनाडा और अमेरिका की सीमा पर व्यापार ठप हो गया है। वहीं कनाडा के अलावा कुछ और देशों- अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फ्रांस में भी लॉकडाउन और कोरोना वैक्सीन की अनिवार्यता के खिलाफ प्रदर्शन हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications