कैलिफोर्निया में लगी आग से अब तक 63 लोगों की मौत, 600 से ज्यादा लापता
कैलिफोर्निया। आठ नवंबर से कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी आग अभी तक शांत नहीं हुई है। इसे अब तक की सबसे खतरनाक आग बताया जा रहा है। इस हादसे में गुरुवार तक 63 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 600 लोगों का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। गुरुवार को सात और मृतकों के शव राहतकर्मियों को बरामद हुए हैं। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 63 पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कैलिफोर्निया के दौरे पर जा सकते हैं। अथॉरिटीज की ओर से कहा गया है कि उनके पास पहले गायब हुए लोगों की लिस्ट में 300 लोग ही थे लेकिन इसमें इजाफा हो गया है और यह आंकड़ां 631 पर पहुंच गया है। कैलिफोर्निया के उत्तरी हिस्सा इन दिनों भयंकर आग में घिरा हुआ है।

इतिहास की सबसे खतरनाक घटना
बुत्ते काउंटी के शेरिफ कोरी होनेया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह एक असाधारण स्थिति है जिसका सामना उन्हें करना पड़ रहा है। जिन सात लोगों के शव गुरुवार को बरामद हुए हैं उनमें से तीन की मौत सदर्न कैलिफोर्निया में हुई है। कैलिफोर्निया में लगी इस आग को वूल्से फायर कहते हैं। इसके हिस्से में मैलिबू का भी कुछ हिस्सा आया है। आग में हॉलीवुड के कई सेलिब्रिटीज के घर भी तबाह हो गए हैं। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप शनिवार को पीड़ितों से मुलाकात करने के लिए जाएंगे। कैलिफोर्निया के इतिहास में इतनी भयंकर त्रासदी कभी किसी ने नहीं देखी है। पैराडाइज टाउन में आने वाली बुत्ते काउंटी में लगी आग में ज्यादातर वृद्ध लोग गायब हुए हैं। यह जगह सिएरा नवादा की तलहटी में आती है। बताया जा रहा है कि आग की लपटें तेजी से बढ़ रही थी और जो लोग कार के अंदर थे, उन्हें बाहर आने का टाइम नहीं मिल सका। जांचकर्ताओं ने डीएनए सैंपल्स लिए हैं और इसकी मदद से पीड़ितों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा मृतकों का पता लगाने में स्निफर डॉग्स की भी मदद ली जा रही है।











Click it and Unblock the Notifications