पाकिस्तान के कराची में धमाका, एक व्यक्ति की मौत, 12 घायल
कराची, 13 मई। पाकिस्तान में गुरुवार देर रात हुए एक धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि 12 लोग घायल हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार यह धमाका कराची के सदर में हुआ है जहां पर काफी भीड़भाड़ रहती है। धमाका रात तकरीबन 1 बजे हुए। पुलिस का कहना है कि यह शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि विस्फोटक को एक मोटरसाइकिल में लगाया गया था, जोकि कूड़ेदान के पास खड़ी थी। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि हमलावर किसे निशाना बनाना चाहता था। स्थानीय पुलिस स्टेशन ऑफिसर सज्जाद खान ने बताया कि पिछले महीने एक महिला ने यहां आत्मघाती हमले में चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया था, जिसने तीन चीनी नागरिक भी शामिल थे।
26 अप्रैल के इस हमले की जिम्मेदारी बलोच लिबरेशन आर्मी ने ली थी, जोकि बलूचिस्तान की आजादी के लिए लड़ रही है।

बता दें कि चीन ने चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कोरिडोर के तहत बलूचिस्तान में 54 बिलियन डॉलर का निवेश किया है। लेकिन चीन को बलूचिस्तान के अलगाववादियों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि स्थानीय लोग यहां के संसाधन का सही मात्रा में हिस्सा नहीं पा रहे हैं, जबकि अमीर लोग इसपर कब्जा कर रहे हैं। पिछले साल अप्रैल माह में भी लक्जरी होटल में में हमला हुआ था, जिसमे चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए थे। हालांकि यहां चीनी राजदूत बाल-बाल बच गए थे। इस साल जनवरी माह में बलूच अलगाववादियों ने तीन लोगों को मार दिया है जबकि 22 लोगों को घायल किया है। पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान में आतंकी हमले बढ़े हैं। मार्च और अप्रैल के बीच आतंकी घटनाओं में 24 फीसदी का इजाफा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications