विश्व कप 2023 में शामिल होने के लिए भारत आएगी पाकिस्तानी टीम? बिलावल भुट्टो ने जवाब में कही ये बात
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भारत में 2023 विश्व कप में अपने देश की क्रिकेट टीम भेजने पर कहा कि उम्मीद है हम उस स्थिति में नहीं हैं जहां खेल को नुकसान उठाना पड़े।

जरदारी भारत द्वारा आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के लिए 4-5 मई को गोवा आए थे। इस दौरान पाकिस्तानी विदेश मंत्री भुट्टो ने गोवा में पाकिस्तानी मीडिया से बात करते हुए वर्ल्ड कप के मुद्दे पर सरकार का रुख बताया।
मीडिया से बात करते हुए भुट्टो से पूछा गया था कि क्या उनकी सरकार वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को भारत भेजेगी? इसके जवाब में बिलावल भुट्टो ने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों का असर खेल पर नहीं पड़ना चाहिए और वो कोशिश करेंगे कि वर्ल्ड कप की स्थिति में भी ऐसा ही हो।
भुट्टो ने कहा कि वह यही उम्मीद करते हैं कि ऐसी स्थिति बने जिससे खेलों को मुश्किलों का सामना करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि खेलों को राजनीति का बंधक नहीं बनाया जाना चाहिए।
आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान क्रिकेट टीम लंबे अर्से से एक दूसरे देशों में क्रिकेट खेलने नहीं गई है। पाकिस्तानी टीम आखिरी बार 2016 के टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत आई थी। भारतीय क्रिकेट टीम आखिरी बार 2007 में पाकिस्तान दौरे पर गई थी।
दोनों के बीच 2012-13 के बाद से कोई द्विपक्षीय सीरीज भी नहीं हुई है और सिर्फ वर्ल्ड कप या एशिया कप में दोनों टीमें भिड़ती रही हैं। आपको बता दें कि इसी साल एशिया कप भी होने वाला है। इसका आयोजन पाकिस्तान में हो रहा है।
इसे लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच विवाद भी देखने को मिला। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने टीम इंडिया को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था। एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष के रूप में शाह ने साथ ही कहा था कि टूर्नामेंट का आयोजन न्यूट्रल वेन्यू पर किया जाएगा।
इसके विरोध के रूप में ही पाकिस्तानी बोर्ड वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम को नहीं भेजने की धमकी दे रहा है। हालांकि भारत-पाकिस्तान के बीच के मुकाबले का मैदान लगभग तय हो चुका है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत-पाक के बीच होने वाला मुकाबला देश के सबसे बड़े स्टेडियम में खेला जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications