Biden-Xi Meet: ट्रंप के व्हाइट हाउस पहुंचने से पहले शी जिनपिंग ने दी बाइडेन को चेतावनी, मुलाकात की बड़ी बातें
APEC 2024: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने संयुक्त राज्य अमेरिका में अपने निवर्तमान समकक्ष डेमोक्रेट जो बाइडेन के साथ अपनी अंतिम बैठक की है। लेकिन शनिवार को शी जिनपिंग के शब्द केवल बाइडेन पर ही नहीं, बल्कि उनके रिपब्लिकन उत्तराधिकारी, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर भी थे।
पेरू के लीमा में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन (APEC 2024) के दौरान बाइडेन के साथ अपनी मुलाकात में शी जिनपिंग ने अमेरिका और चीन के बीच "पारस्परिक सम्मान" बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

हालांकि शी ने डोनाल्ड ट्रंप का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने 5 नवंबर के चुनाव में आने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति की जीत की सराहना की। शी जिनपिंग ने कहा, "अमेरिका ने हाल ही में अपने चुनाव संपन्न किए हैं। स्थिर, स्वस्थ और टिकाऊ चीन-अमेरिका संबंधों का चीन का लक्ष्य अपरिवर्तित है।"
लेकिन, उन्होंने चेतावनी दी, "यदि हम एक-दूसरे को प्रतिद्वंद्वी या शत्रु मानते हैं, भयंकर प्रतिस्पर्धा करते हैं और एक-दूसरे को चोट पहुंचाने की कोशिश करते हैं, तो हम रिश्ते को खराब कर देंगे या उसे पीछे धकेल देंगे।"
डोनाल्ड ट्रंप को लेकर बाइडेन से बोले शी जिनपिंग
ट्रंप, जिन्होंने 2017 से 2021 तक राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया, उनके कार्यकाल में ही चीन के साथ अमेरिका का शीत युद्ध शुरू हुआ था, जिसमें चीनी वस्तुओं पर टैरिफ लगाने से शुरू हुआ व्यापार युद्ध भी शामिल था। जिसके बाद चीन ने भी अमेरिकी सामानों पर प्रतिबंध लगाकर और टैरिफ लगाकार व्यापार युद्ध का जवाब दिया था, हालांकि अब विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है, कि दोनों पक्षों की ओर से व्यापार युद्ध ने दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाया।
शनिवार को, शी जिनपिंग ने ट्रंप की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए दोनों देशों को आपसी लाभ के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा, "चीन नए अमेरिकी प्रशासन के साथ संचार बनाए रखने, सहयोग का विस्तार करने और मतभेदों को प्रबंधित करने के लिए काम करने के लिए तैयार है, ताकि दोनों लोगों के लाभ के लिए चीन-अमेरिका संबंधों के स्थिर परिवर्तन के लिए प्रयास किया जा सके।"

चीन के खिलाफ ट्रंप ने चलाया था चुनाव अभियान
डोनाल्ड ट्रंप ने 'अमेरिका फर्स्ट' नारे के साथ यूएस इलेक्शन के लिए अभियान चलाया था। रिपब्लिकन नेता ने अपने चुनावी भाषणों में चीन का ज़िक्र बार-बार किया गया और अमेरिकी मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए, ट्रंप ने अमेरिकी विनिर्माण को चीनी प्रतिस्पर्धा से बचाने का वचन दिया।
4 नवंबर को मिशिगन के ग्रैंड रैपिड्स में अपनी अंतिम अभियान रैली में ट्रंप ने दावा किया था, कि "मैंने चीन से सैकड़ों अरब डॉलर का टैक्स और शुल्क वसूला। उन्होंने हमें भुगतान किया।"
उन्होंने कहा था, कि "और आप जानते हैं क्या? हम चीन के साथ बहुत अच्छे से पेश आएंगे। हम अच्छे से पेश आएंगे। मैं उनके साथ मिलकर काम करना चाहता हूं। राष्ट्रपति शी जिनपिंग कोविड आने तक बहुत अच्छे थे। तब, मैं उनसे इतना रोमांचित नहीं था।" कोविड-19 महामारी के चरम पर, ट्रंप ने चीनी नेता पर "चीनं से उड़ानों को बाहर निकलने और दुनिया को संक्रमित करने की अनुमति देकर" वायरस को फैलने देने का आरोप लगाया। उन्होंने बार-बार कोविड-19 को "चीनी वायरस" भी कहा।
हालांकि उतार-चढ़ाव भरे इतिहास के बावजूद, शी जिनपिंग ने चुनाव के अगले दिन यानी 6 नवंबर को ट्रंप को उनके दूसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी। शी जिनपिंग, 2013 से चीनी सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं और उनके कार्यकाल में राष्ट्रपतियों के लिए दो कार्यकाल की सीमा समाप्त कर दी गई थी।
ट्रंप ने चीनी सरकार पर शी जिनपिंग के अधिकार की प्रशंसा की है, जिसकी तुलना कुछ आलोचक सत्तावादी शासन से करते हैं।
जुलाई में उन पर हुए जानलेवा हमले के बाद ट्रंप ने कहा, "राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मेरा रिश्ता बहुत अच्छा रहा। वे एक अच्छे इंसान हैं। उन्होंने मुझे एक खूबसूरत नोट लिखा, जब उन्हें पता चला कि क्या हुआ था। मिलकर रहना अच्छी बात है, बुरी बात नहीं।"
बाइडेन को कहा गुडबाय
शी जिनपिंग और बाइडेन का अपना अलग ही संघर्षपूर्ण इतिहास रहा है, जिसमें 2023 में एक कथित चीनी "जासूसी" गुब्बारे को गिराए जाने जैसी घटनाओं ने तनाव को और बढ़ा दिया।
चीन ने कहा था, कि गुब्बारा मौसम संबंधी डेटा एकत्र करने वाला एक नागरिक विमान था, और उसने संवेदनशील अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों के ऊपर से गुज़रने के बाद मिसाइल से इसे मार गिराने के अमेरिका के फ़ैसले की निंदा की। बुधवार को 82 साल के होने वाले बाइडेन ने अपने चीनी समकक्ष के साथ अपनी अंतिम बैठक में पत्रकारों से बात करते हुए कुछ मजाक-मस्ती की। दोपहर के समाचार सम्मेलन में शी जिनपिंग ने बाइडेन से पूछा, "क्या आप अपना इयरपीस लगा सकते हैं? हमारे पास एक साथ अनुवाद करने की सुविधा है।"
बाइडेन ने मजाक में जवाब दिया। उन्होंने हंसते हुए कहा, "मैंने चीनी भाषा बोलना सीख लिया है।" अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह स्वीकार करते हुए आगे कहा, कि उनके दोनों देशों के बीच संबंध हमेशा सहज नहीं रहे हैं।
उन्होंने कहा, कि "हम हमेशा सहमत नहीं रहे हैं, लेकिन हमारी बातचीत हमेशा स्पष्ट और साफ रही है। हमने कभी एक-दूसरे का मजाक नहीं उड़ाया। हम एक-दूसरे के साथ बराबरी पर रहे हैं। और मुझे लगता है, कि यह महत्वपूर्ण है।"
बाइडेन ने कहा, कि "ये बातचीत गलत अनुमानों को रोकती हैं, और वे सुनिश्चित करती हैं कि हमारे दोनों देशों के बीच प्रतिस्पर्धा संघर्ष में न बदल जाए।"
उन्होंने राष्ट्रपति के रूप में शी जिनपिंग के साथ अपनी अंतिम मुलाकात का उपयोग कई अमेरिकी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए किया। व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक रीडआउट में, बाइडेन ने कथित तौर पर अमेरिका में सिंथेटिक दवाओं के प्रवाह को रोकने के लिए अधिक कानून प्रवर्तन सहयोग के लिए जोर दिया।
उन्होंने और शी जिनपिंग ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) द्वारा उत्पन्न उभरती चुनौतियों के बारे में भी बात की, जिसमें परमाणु हथियारों के साथ इसके उपयोग के संबंध में भी बात की गई। बयान में बताया गया कि, "दोनों नेताओं ने परमाणु हथियारों के उपयोग के निर्णय पर मानवीय नियंत्रण बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।"












Click it and Unblock the Notifications