बांग्लादेश में हिंसा के बाद विपक्षी पार्टी के बड़े नेता गिरफ्तार, जानिए पड़ोसी देश में क्यों हो रहा प्रदर्शन?
बांग्लादेश पुलिस ने रविवार को मुख्य विपक्षी पार्टी बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) के एक वरिष्ठ नेता को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने आज तड़के ढाका के ककरैल इलाके में एक इमारत पर छापेमारी के बाद लगभग 200 बीएनपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।
बांग्लादेश में शनिवार को विपक्ष की रैली के बीच हिंसा फैल गई थी। इसके बाद विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनल पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हुई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई थी। इस हिंसा में करीब 200 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।

इस बीच बांग्लादेश पुलिस ने बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी आलमगीर के ढाका स्थित घर से हुई। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर हबीबुर रहमान ने कहा कि आलमगीर को "पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।"
रहमान ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि आलमगीर से शनिवार की हिंसा पर पूछताछ की जाएगी, जिसमें एक पुलिस अधिकारी और एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी और कम से कम 26 पुलिस एम्बुलेंस को आग लगा दी गई थी।
आलमगीर ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की गिरफ्तारी और कारावास के बाद से पार्टी का नेतृत्व किया है। आलमगीर पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
बता दें कि बांग्लादेश में अगले साल जनवरी में आम चुनाव होने हैं। ऐसे में विपक्षी पार्टी BNP ये मांग कर रही है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रधानमंत्री शेख हसीना इस्तीफा दें और एक कार्यवाहक सरकार का गठन हो।
बांग्लादेश मीडिया द डेली स्टार के मुताबिक, ये पिछले 45 महीनों का सबसे बड़ा प्रदर्शन रहा। पुलिस के मुताबिक मुख्य विपक्षी पार्टी BNP और सबसे बड़ी इस्लामी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के 1 लाख से ज्यादा समर्थकों ने शनिवार को ढाका में रैली की।
प्रधानमंत्री शेख हसीन के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के हजारों समर्थक राजधानी ढाका में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
चैनल 24 की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को हड़ताल शुरू होने पर ढाका के बाहर कम से कम तीन स्थानों पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प हुई। पुलिस ने कोमिला, सिलहट और बोगरा जिलों में लोगों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और रबर की गोलियां चलाईं।
इस दौरान जमकर उपद्रव हुआ। विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस वैन और एम्बुलेंस सहित दर्जनों वाहनों में आग लगा दी। इस दौरान देश के चीफ जस्टिस ओबैदुल हसन के घर पर भी हमला हुआ।
बांग्लादेश के गृहमंत्री असदुज्जमां खान ने रविवार को कहा कि बीएनपी के शीर्ष नेता ककरैल में हुई हिंसा और एक पुलिसकर्मी की हत्या के लिए अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। असदुज्जमान ने कहा कि पुलिसकर्मियों की हत्या, मुख्य न्यायाधीश के आवास पर हमला, बसों में आग लगाने और कल हुई बर्बरता पर मामले दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मामले दर्ज करना शुरू कर दिया गया है और सभी पीड़ित धीरे-धीरे मामले दर्ज कराएंगे।












Click it and Unblock the Notifications