हसीना का इस्तीफा, मंदिरों में तोड़फोड़, संसद पर कब्जा, सीमा पर कर्फ्यू, हवाई यात्रा स्थगित, जानें पूरा अपडेट
Bangladesh Crisis: हिंसा के बीच शेख हसीना की सरकार का पतन हो गया। हसीना ने सोमवार को प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। तनाव के बीच, हसीना को अपनी बहन रेहाना के साथ देश छोड़ना पड़ा। इधर, हसीना से नाराज प्रदर्शनकारियों ने पीएम आवास में जमकर तोड़फोड़ की। ढाका में एक भारतीय सांस्कृतिक केंद्र में तोड़फोड़ और चार हिंदू मंदिरों को क्षतिग्रस्त करने की खबरें समाने आईं हैं।
हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद के नेता काजोल देबनाथ ने कहा कि उन्हें रिपोर्ट मिली है कि देश भर में कम से कम 4 हिंदू मंदिरों को नुकसान पहुंचाया गया है। हालांकि, नुकसान मामूली हैं। शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनजर कुछ हिंदू समुदाय के नेता डरे हुए हैं। आइए जाने क्या क्या हुआ?

इंदिरा गांधी सांस्कृतिक केंद्र को पहुंचाया नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढाका के धानमंडी इलाके में स्थित इंदिरा गांधी सांस्कृतिक केंद्र को अनियंत्रित भीड़ ने नुकसान पहुंचाया। ढाका ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने ढाका में कई प्रमुख स्थानों पर आग लगा दी, जिसमें धानमंडी 32 में बंगबंधु भवन, जिसे बंगबंधु स्मारक संग्रहालय के रूप में भी जाना जाता है, भी शामिल है। यह संग्रहालय हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान को समर्पित था, जिनकी 1975 में राष्ट्रपति के रूप में सेवा करते समय हत्या कर दी गई थी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के कारण प्रधानमंत्री हसीना को इस्तीफा देकर बांग्लादेश छोड़ना पड़ा। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने घोषणा की कि अंतरिम सरकार बनाई जा रही है और उन्होंने प्रदर्शनकारियों से हिंसा बंद करने का आग्रह किया।
संसद पर कब्जा, JCB से गिराई मुजीबुर रहमान की मूर्ति
प्रदर्शनकारियों की भीड़ बांग्लादेश की संसद में घुस गई और परिसर में तोड़फोड़ की। भीड़ सांसदों की कुर्सियों पर बैठी हुई थी और सदन के वेल में नारे लगा रही थी। प्रदर्शनकारियों ने ढाका में शेख हसीना के पिता और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की प्रतिमा को गिरा दिया।
हसीना के इस्तीफे पर देशभर में जश्न
हजारों छात्रों सहित सभी वर्गों के लोगों ने सोमवार को शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे और देश से प्रस्थान का जश्न मनाते हुए देशभर में खुशी के जुलूस निकाले। चटगाँव में सोमवार को अपराह्न 3 बजे जश्न का जुलूस शुरू हुआ। मिठाइयां बांटी गईं और दुकानदारों ने बताया कि एक घंटे के भीतर उनकी सारी मिठाइयां बिक गईं। शहर में सबसे बड़ी सभा न्यू मार्केट क्षेत्र में हुई, जहां जीत के जश्न के साथ-साथ मिठाइयां भी बांटी गईं।
मेघालय ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रात्रि कर्फ्यू लगाया
बांग्लादेश में मौजूदा हालात के मद्देनजर उसके साथ लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मेघालय ने रात्रि कर्फ्यू लगाया है। मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसोंग ने यह जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि सीमा के 444 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में कर्फ्यू अगले आदेश तक रोजाना शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक लागू रहेगा।
ढाका हवाई अड्डा 6 घंटे के लिए बंद
सोमवार शाम 5:30 बजे से अगले छह घंटों के लिए हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद करने की घोषणा की गई है। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक अधिसूचना में यह जानकारी दी। इससे पहले शाम करीब चार बजे सेना प्रमुख जनरल वकर-उज-जमान ने राजधानी स्थित कैंटोनमेंट में एक आपातकालीन बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश चलाने के लिए एक अंतरिम सरकार बनाई जाएगी।
भारत के सीमा पर हाई अलर्ट, रेल सेवाएं निलंबित
पड़ोसी देश बांग्लादेश में बढ़ती अशांति के बाद भारत के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को देश की सीमा पर हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर बांग्लादेश सीमा क्षेत्रों की ओर जाने वाली यात्री और माल ढुलाई दोनों तरह की रेल सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है।
एयर इंडिया की ढाका से आने-जाने वाली फ्लाईट्स स्थगित
बांग्लादेश में अशांति के बीच एयर इंडिया ने ढाका से आने-जाने वाली उड़ानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एयरलाइन्स ने यात्रियों के लिए रिशेड्यूलिंग या कैंसिलेशन चार्ज पर एक बार छूट का भी ऐलान किया है। एयर इंडिया ने कहा कि बांग्लादेश में उभरती स्थिति को देखते हुए, हमने ढाका से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों का निर्धारित संचालन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। हम लगातार स्थिति पर नज़र रख रहे हैं और ढाका से आने-जाने के लिए कन्फर्म बुकिंग वाले अपने यात्रियों को सहायता प्रदान कर रहे हैं, जिसमें रिशेड्यूलिंग और कैंसिलेशन चार्ज पर एक बार की छूट शामिल है। कृपया हमारे 24/7 संपर्क केंद्र पर 011-69329333 / 011-69329999 पर कॉल करें।"












Click it and Unblock the Notifications