Bangladesh Hindu: बांग्लादेश में हिंदू नेता की हत्या, कौन थे भाबेश चंद्र रॉय, जिन्हें पीट-पीट कर मार डाला गया
Bangladesh Hindu leader Death: बांग्लादेश में एक हिंदू नेता की हत्या कर दी गई है। स्थानीय समाचार वेबसाइट द डेली स्टार ने पुलिस और मृतक के परिवार के हवाले से बताया कि गुरुवार 17 अप्रैल दोपहर बांग्लादेश में एक प्रमुख हिंदू नेता का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया और पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
who is Bhabesh Chandra Roy: मृतक की पहचान 58 वर्षीय भाबेश चंद्र रॉय के रूप में हुई है। वह ढाका से लगभग 330 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में दिनाजपुर के बसुदेवपुर गांव में रहते थे। उनका शव गुरुवार रात करीब 10 बजे मिला। रिपोर्ट में कहा गया है कि भाबेश चंद्र रॉय बांग्लादेश पूजा उडजापान परिषद की बिराल इकाई के उपाध्यक्ष थे और क्षेत्र के हिंदू समुदाय के बीच उनका प्रभाव था।

कैसे बांग्लादेश में हुई भाबेश चंद्र रॉय की हत्या?
भाबेश की पत्नी शांतना के मुताबिक उनके पति को 17 अप्रैल को शाम करीब 4:30 बजे एक फोन आया था। ये फोन अपराधियों ने ये जानने के लिए किया था कि वे घर पर है या नहीं। शांतना ने आगे बताया कि फोन के आने लगभग आधे घंटे बाद 5 बजे, दो मोटरसाइकिलों पर 4 लोग आए और भाबेश को घर से उठाकर ले गए।
गवाहों का कहना है कि उसके बाद भाबेश को बदमाश लोग नाराबारी गांव ले गए, जहां उन्हें बेरहमी से पीटा गया। उसके बाद बेहोशी की हालत में भाबेश को एक वैन में भरकर घर भेज दिया गया। आनन-फानन में जब हम भाबेश को अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शांतना ने कहा कि वह हमलावरों में से दो को पहचान सकती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि भाबेश को दिनाजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर किए जाने से पहले एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।
विदेश मंत्रालय ने कहा- भाबेश चंद्र रॉय की हत्या बांग्लादेश में हिंदू उत्पीड़न के पैटर्न को दिखाती है
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्वीट किया, "हमने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक नेता भाबेश चंद्र रॉय के अपहरण और उनकी नृशंस हत्या पर दुख व्यक्त किया है। यह हत्या अंतरिम सरकार के तहत हिंदू अल्पसंख्यकों के व्यवस्थित उत्पीड़न के पैटर्न को दिखाता है, जबकि पिछली ऐसी घटनाओं के अपराधी दंड से बचकर घूमते हैं। हम इस घटना की निंदा करते हैं और एक बार फिर अंतरिम सरकार को याद दिलाते हैं कि वह बिना किसी बहाने या भेदभाव के हिंदुओं सहित सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करने की अपनी जिम्मेदारी को पूरा करे।"
भारत-बांग्लादेश तनाव
बांग्लादेश में हिंदू नेता पर हमला पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा पर बांग्लादेशी अधिकारी की टिप्पणी को भारत द्वारा खारिज किए जाने से ठीक एक दिन पहले हुआ। भारत ने बांग्लादेश से अपने अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा करने को भी कहा है।
गुरुवार को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर भारत से मुसलमानों की सुरक्षा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "हम मुसलमानों पर हमलों की निंदा करते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होता है। हम भारत और पश्चिम बंगाल सरकार से अल्पसंख्यक मुस्लिम आबादी की पूरी तरह से सुरक्षा के लिए सभी कदम उठाने का आग्रह करते हैं।"
इस पर भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हम पश्चिम बंगाल की घटनाओं के संबंध में बांग्लादेश की ओर से की गई टिप्पणियों को खारिज करते हैं। यह बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के चल रहे उत्पीड़न पर भारत की चिंताओं के साथ समानता स्थापित करने का एक छिपा हुआ और कपटपूर्ण प्रयास है, जहां इस तरह के कृत्यों के अपराधी खुलेआम घूमते रहते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications