Bangladesh Election: BNP या जमात? आज किसे चुनेगी बांग्लादेश की आवाम, समझिए ढाका का पूरा चुनावी समीकरण
Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में आज 12 फरवरी 2026 को एक ऐतिहासिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया चल रही है। शेख हसीना के शासन के पतन और 'जेन-जी' (Gen-Z) आंदोलन के बाद यह पहला आम चुनाव है। 17.5 करोड़ की आबादी वाले इस देश में लोकतंत्र की वापसी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
बांग्लादेश में करीब दो साल के अंतराल और शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद, बांग्लादेशी नागरिक एक नई सरकार चुनने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में खड़े हैं। यह न केवल एक चुनाव है, बल्कि बांग्लादेश के भविष्य की दिशा तय करने वाला है।

यह चुनाव इसलिए ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि यह शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद पहला राष्ट्रीय चुनाव है, जिसे 2024 के जन-ज़ेड (Gen-Z) आंदोलन ने सत्ता से बाहर कर दिया था। विस्तार से समझिए बांग्लादेश चुनाव का पूरा समीकरण...
17 साल बाद 'आजाद' वोटिंग, कितने लोग डाल रहे हैं वोट?
ढाका और अन्य शहरों में सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू होते ही लोग भारी संख्या में जुटने लगे। कई मतदाताओं का कहना है कि वे 17 साल बाद पहली बार बिना किसी डर और दबाव के मतदान कर रहे हैं। बांग्लादेश में करीब 12.8 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 49% महिलाएं हैं।
हालांकि, चुनावी मैदान में महिला उम्मीदवारों की संख्या बेहद कम है। 2,000 से अधिक उम्मीदवारों में सिर्फ करीब 80 महिलाएं हैं, जो राजनीतिक प्रतिनिधित्व में लैंगिक असंतुलन को दर्शाता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1 लाख सैनिकों (थल सेना, नौसेना, वायु सेना) और 2 लाख पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
Dhaka Election Equation: मैदान में कौन-कौन है? शेख हसीना की पार्टी कहां हैं
इस बार मुकाबला मुख्य रूप से दो बड़े गुटों के बीच है:
बीएनपी (Bangladesh Nationalist Party) जो अब तक के रुझान में अच्छी बढ़त में दिख रही है। BNP नेता तारिक रहमान के नेतृत्व वाला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी गठबंधन। ओपिनियन पोल्स में इसे बढ़त दिखाई गई है।दूसरी ओर जमात-ए-इस्लामी जो शफीकुर रहमान के नेतृत्व वाला 11 दलों का गठबंधन है।
हसीना की पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और वह भारत में निर्वासन में हैं। ऐसे में बीएनपी और जमात के बीच सीधा मुकाबला है। हालांकि, राजनीतिक जानकार मानते हैं कि चुनाव के बाद BNP और जमात-ए-इस्लामी के बीच गठबंधन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि दोनों पहले भी साथ रह चुके हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। शेख हसीना फिलहाल भारत में आत्मनिर्वासन में हैं। उन्हें 2024 के आंदोलन के दौरान "मानवता के खिलाफ अपराध" के मामले में बांग्लादेश में मौत की सजा सुनाई जा चुकी है।
क्या है 'जुलाई 2024 चार्टर' पर जनमत संग्रह ?
संसदीय चुनाव के साथ-साथ आज एक महत्वपूर्ण जनमत संग्रह भी हो रहा है। इसमें जनता से संवैधानिक सुधारों पर राय मांगी जा रही है, जिसमें शामिल हैं प्रधानमंत्री के कार्यकाल की अधिकतम सीमा दो टर्म (10 साल) तय करना। निष्पक्ष अंतरिम सरकार का स्थायी प्रावधान। न्यायपालिका की स्वतंत्रता को मजबूत करना और संसद को द्विसदनीय (Bicameral) बनाना।
Bangladesh Voting जनता का सवाल, कौन होगा अगला प्रधानमंत्री?
प्रधानमंत्री पद की रेस में दो मुख्य चेहरे हैं- तारिक रहमान उर्फू डार्क प्रिंस (BNP): पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे, जो 17 साल लंदन में रहने के बाद स्वदेश लौटे हैं। शफीकुर रहमान (जमात चीफ) जो एक कट्टरपंथी और कल्याणकारी राज्य के मिश्रण का वादा कर रहे हैं।
Bangladesh में कितनी सीटों पर हो रहा चुनाव? नतीजे कब आएंगे?
बांग्लादेश की संसद जतिया संसद की कुल 300 सीटों में से 299 सीटों पर चुनाव हो रहा है। एक सीट पर BNP उम्मीदवार की मौत के कारण मतदान स्थगित किया गया है। इस बार 50 से ज्यादा राजनीतिक दल चुनावी मैदान में हैं, जो अपने आप में एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। मतदान शाम 4:30 बजे समाप्त होगा।
चुनाव आयोग के अनुसार, शुरुआती रुझान आज आधी रात तक आने लगेंगे और शुक्रवार 13 फरवरी सुबह तक पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने चुनाव से पहले चेतावनी दी थी कि देश में असहिष्णुता, हिंसा और फर्जी सूचनाओं का खतरा बना हुआ है, खासकर युवा मतदाताओं के लिए।












Click it and Unblock the Notifications