हॉलीवुड एक्शन फिल्म की तरह ब्रिज से टकराया जहाज, जानिए कैसे हुआ हादसा, सभी क्रू मेंबर्स थे भारतीय
Baltimore bridge collapse: अमेरिका के बाल्टीमोर पुल हादसे में 6 लोगों की मौत की आशंका है, वहीं अब रेस्क्यू ऑपरेशन को रोक दिया गया है।
बाल्टीमोर हार्बर में मंगलवार (26 मार्च) की सुबह एक पुल ढह गया था, जब बिजली की कमी की वजह से एक विशाल मालवाहक जहाज पुल से टकरा गया था, जिसके कारण पूर्वी अमेरिका के सबसे व्यस्त बंदरगाहों में से एक बाल्टीमोर को बंद करना पड़ा। वहीं, हादसे के बाद 6 कर्मचारी लापता हो गये थे, जिन्हें अब मृत मान लिया गया है।

बाल्टीमोर पुल हादसे में 6 मरे
यूएस कोस्ट गार्ड और मैरीलैंड राज्य पुलिस के अधिकारियों ने कहा है, कि गोताखोर टीमों को अंधेरे, मलबे से भरे पानी में खतरनाक परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, लिहाजा दुर्घटना के करीब 18 घंटे बाद सक्रिय खोज और बचाव अभियान को बंद कर दिया गया है।
कोस्ट गार्ड रियर एडमिरल शैनन गिलरेथ ने कहा, कि ठंडे पानी और दुर्घटना के बाद काफी समय बीत जाने के कारण लापता मजदूरों के जीवित मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। राज्य पुलिस कर्नल रोलैंड बटलर ने कहा, कि अधिकारियों को उम्मीद है, कि श्रमिकों के अवशेषों को बरामद करने के प्रयास में बुधवार (27 मार्च) को सूर्योदय के बाद गोताखोर टीम पानी में फिर से तलाशी अभियान शुरू कर देंगे।
आपको बता दें, कि बाल्टीमोर हार्बर से श्रीलंका जा रहा सिंगापुर का झंडा लगा कंटेनर जहाज, करीब 1:30 बजे सुबह पटाप्सको नदी के मुहाने पर बने फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज के सहायक तोरण से टकरा गया था।
बाल्टीमोर पुल करीब 3 किलोमीटर का था, जो अब टूटकर बर्फीले पानी में समा चुका है, जिसकी वजह से उस वक्त पुल पर मौजूद कई गाड़ियां और कई लोग पानी में गिर गये थे, जिन्हें बचा लिया गया।
पुल टूटने के बाद भी टला बड़ा हादसा
इस हादसे के पीछे जहाज के अंदर बिजली फेल हो जाना था, जिसकी वजह से चालक दल ने जहाज से नियंत्रण खो दिया था और बेकाबू जहाज पुल से जाकर टकरा गया। जहाज में सवार सभी 22 क्रू मेंबर्स भारतीय हैं, जिन्होंने काफी बहादुरी दिखाते हुए पुल की तरफ आने वाली कारों को पहले ही रोक दिया, अन्यथा बहुत बड़ा हादसा हो सकता था, जिसके लिए मैरीलैंड के गवर्नर वेस मूर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनकी तारीफ की है और उन्हें हीरो बताया है।
अधिकारियों ने कहा, कि फिलहाल हादसे के पीछे किसी तरह की साजिश के कोई सबूत नहीं मिले हैं। वही, बाल्टीमोर के मेयर ब्रैंडन स्कॉट ने पुल की स्थिति को दिखाते हुए इसे किसी एक्शन फिल्म की तरह बताया है और कहा है, कि ये हादसा कुछ ऐसे हुआ है, जिसके बारे में कभी किसी ने सोचा नहीं होगा।
सोशल मीडिया पर वीडियो फुटेज में जहाज को अंधेरे में पुल से टकराते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं, हादसा होते ही वाहनों की हेडलाइटें दिखाई देने लगती है और जहाज में भी आग लग गई। अमेरिकी परिवहन सचिव पीट बटिगिएग ने कहा, कि देश के सबसे व्यस्त शिपिंग लेन में से एक को अगली सूचना तक बंद करने से "आपूर्ति श्रृंखलाओं पर बड़ा और लंबा प्रभाव" पड़ेगा।
हादसे पर जो बाइडेन ने क्या कहा?
वहीं, बाल्टीमोर पुल हादसे के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, कि यूएस कोस्ट गार्ड ने हादसे की सूचना मिलते ही फौरन प्रतिक्रिया दी और पुल की तरफ के यातायात को डायवर्ट किया। वहीं, बाइडेन ने कहा, कि घटनास्थल का दौरा करेंगे और उन्होंने ये भी वादा किया है, कि संघीय सरकार पुल का पुनर्निर्माण करवाएगी।
बाइडेन ने कहा, "मैं अपनी टीम को बंदरगाह को फिर से खोलने और मानवीय तौर पर जल्द से जल्द पुल का पुनर्निर्माण करने के लिए धरती-आसमान एक करने का निर्देश दे रहा हूं।" आपको बता दें, कि स्टार-स्पैंगल्ड बैनर के लेखक के नाम पर रखा गया यह पुल 1977 में खोला गया था।












Click it and Unblock the Notifications