खतरे में दुनिया! एस्ट्राजेनेका की कोविड वैक्सीन TTS जैसे दुर्लभ साइड इफेक्ट्स की वजह?
फार्मास्युटिकल कंपनी एस्ट्राजेनेका ने कोविड वैक्सीन को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। एस्ट्राजेनेका ने माना है कि उसकी कोविड वैक्सीन एक दुर्लभ साइड इफेक्ट्स 'थ्रोम्बोसिस विद थ्रोम्बोसाइटोपेनिया सिंड्रोम' (टीटीएस) का कारण बन सकती है।
लंदन स्थित अखबार द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के अनुसार , एस्ट्राजेनेका ने यूके(यूनाइटेड किंगडम) हाईकोर्ट में दिए गए अपने अदालती दस्तावेजों में पहली बार यह बात स्वीकार की है। एस्ट्राजेनेका, जिसने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी में वैक्सीन विकसित की है। एस्ट्राजेनेका वैक्सीन को कई देशों में कोविशील्ड और वैक्सजेवरिया ब्रांड के नामों से बेचा गया है।

जेमी स्कॉट ने दायर किया मुकदमा
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दो बच्चों के पिता जेमी स्कॉट ने पिछले साल एक मुकदमा दायर किया था। क्योंकि, उनके खून का थक्का जम गया था, जिससे वह काम करने में असमर्थ हो गए थे। कथित तौर पर अप्रैल 2021 में टीका प्राप्त करने के बाद उन्हें मस्तिष्क में स्थायी चोट लग गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, हाई कोर्ट में 51 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें पीड़ितों और तीमारदारों ने 100 मिलियन पाउंड तक के अनुमानित क्षति की मांग की गई है। कंपनी ने मई 2023 में स्कॉट के वकीलों से कहा था कि वे यह स्वीकार नहीं करते हैं कि टीटीएस सामान्य स्तर पर वैक्सीन के कारण होता है। हालांकि, फरवरी में हाई कोर्ट को सौंपे गए कानूनी दस्तावेज में, एस्ट्राजेनेका ने कहा कि यह माना जाता है कि AZवैक्सीन, बहुत ही दुर्लभ मामलों में, टीटीएस का कारण बन सकती है। कारण तंत्र ज्ञात नहीं है।
स्कॉट की पत्नी ने मांगा मुआवजा
द टेलीग्राफ से बात करते हुए स्कॉट की पत्नी केट ने कहा कि चिकित्सा जगत ने लंबे समय से स्वीकार किया है कि वैक्सीन-प्रेरित इम्यून थ्रोम्बोसाइटोपेनिया और थ्रोम्बोसिस (वीआईटीटी) वैक्सीन के कारण होता है। सच्चाई हमारे साथ है और हम हार नहीं मानेंगे। केट ने माफी, उनके परिवार और प्रभावित हुए अन्य परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।
आपको बता दें कि एस्ट्राजेनेका ने भारत सरकार को वैक्सीन की आपूर्ति के लिए दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीन निर्माता सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) के साथ भी साझेदारी की थी।
क्या होता है टीटीएस?
आपको बता दें कि थ्रोम्बोसाइटोपेनिया सिंड्रोम (टीटीएस) शरीर में खून के थक्के जमने की अहम वजह बनता है। शरीर में खून के थक्के जमने की वजह से ब्रेन स्ट्रोक, कार्डियक अरेस्ट जैसी गंभीर स्थिति बन जाती है। इतना ही नहीं, तेजी से प्लेटलेट्स गिरने की वजह भी बन सकती है।












Click it and Unblock the Notifications