लेबनान ने इजराइल पर दागी एंटी टैंक मिसाइल, गाजा शरणार्थी शिविर पर हमले में मारे गए 195 फिलिस्तीनी
गाजा में हमास के खिलाफ इजरायली सैनिकों ने बुधवार को भी अपना आक्रमक रुख जारी रखा है। इस बीच लेबनान की ओर से भी इजराइल पर हवाई हमले किए गए हैं। बुधवार को इजराइली सेना ने कहा कि लेबनान से इजराइल पर एंटी टैंक मिसाइल दागी हैं। आईडीएफ ने कहा कि हमने हमलों को नाकाम करते हुए, जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आईडीएफ के मुताबिक वे फिलिस्तीनी एन्क्लेव के मुख्य शहर में अंदर तक चले गए। दूसरी ओर, गाजा को नियंत्रित करने वाले समूह हमास ने कहा कि क्षेत्र के सबसे बड़े शरणार्थी शिविर पर इजरायली हमलों में 195 फिलिस्तीनी मारे गए।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि गाजा में हमास द्वारा संचालित कार्यालय ने दावा किया है कि मंगलवार और बुधवार को गाजा के जबालिया शरणार्थी शिविर पर इजरायल द्वारा बमबारी के बाद कम से कम 195 फिलिस्तीनी मारे गए। इससे पहले हमास ने ये भी दावा किया था मारे जाने वाले लोगों में कई विदेशी बंधक भी शामिल हैं।
हमास ने कहा कि कम से कम 120 लोग अभी भी मलबे के नीचे लापता हैं और कम से कम 777 और घायल हो गए हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल ने उत्तरी गाजा में सबसे बड़े जबालिया रिफ्यूजी कैंप को दूसरी बार निशाना बनाया। इसके पहले मंगलवार रात को यहां हमला हुआ था।
इजरायल ने कहा कि गाजा के सबसे बड़े शरणार्थी शिविर जबालिया पर मंगलवार और बुधवार को किए उसके हमलों में हमास के दो सैन्य नेता मारे गए हैं। इजराइली सेना ने कहा कि उसने हमास की "रक्षा की अग्रिम पंक्ति" को तोड़ दिया है और उन्होंने आतंकवादी समूह के टैंक रोधी मिसाइल समूह के एक कमांडर को मार डाला है।
यहां इजराइल-हमास युद्ध के प्रमुख घटनाक्रम हैं, जो अब 27वें दिन में प्रवेश कर गया हैः
- विदेशी नागिरकों के लिए मिस्र में जाने के लिए राफा क्रॉसिंग के आज फिर खुलने की उम्मीद है। बुधवार को 400 से अधिक लोगों ने राफा क्रॉसिंग पार कर मिस्र पहुंचे।
- अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने फिलिस्तीनियों और अमेरिकी नागरिकों सहित विदेशी नागरिकों को गाजा से निकलने और राफा क्रॉसिंग के माध्यम से मिस्र में प्रवेश करने में मदद करने के लिए मिस्र और कतर सरकारों को धन्यवाद दिया।
- इजराइल रक्षा बल (आईडीएफ) के प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने कहा कि गाजा में जमीनी अभियान योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है।
- ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने इजराइल की ओर कई ड्रोन लॉन्च किए हैं। हालांकि इजराइली सेना ने हूती द्वारा ऐसे किसी ड्रोन हमले की पुष्टि नहीं की है।
- इजराइल के फाइनेंस मिनिस्टर बेजलेल स्मोट्रिच ने अमेरिका की उस मांग को ठुकरा दिया है, जिसमें बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन ने फिलिस्तीन अथॉरिटी को फंड जारी करने की मांग की थी।












Click it and Unblock the Notifications