मिडिल ईस्ट में मिसाइल हमलों के बीच PM Modi ने UAE राष्ट्रपति से की बात, बोले- मुश्किल समय में भारत आपके साथ
मिडिल ईस्ट में मिसाइल से हो रहे हमलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से फोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने भारत की एकजुटता दोहराई कि वह यूएई के साथ इस कठिन समय में खड़ा है और क्षेत्र में शांति व स्थिरता के प्रयासों का समर्थन करता है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने यूएई में रह रहे भारतीय नागरिकों की देखभाल के लिए शेख मोहम्मद का धन्यवाद दिया।

पीएम मोदी ने यूएई पर हमलों की कड़ी निंदा की
रविवार देर रात पीएम मोदी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर बातचीत की जानकारी दी। मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, "यूएई राष्ट्रपति और मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और जनहानि पर संवेदना व्यक्त की। इन मुश्किल समय में भारत यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है। यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए उनका धन्यवाद किया। हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।"
भारतीयों का ख्याल रखने के लिए दिया धन्यवाद
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, "मैंने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।"
यूएई पर मिसाइल से हमला
यूएई रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हमले की शुरुआत से अब तक कुल 137 बैलिस्टिक मिसाइलें और 209 ड्रोन यूएई पर दागे गए। इनमें से 132 मिसाइलें और 195 ड्रोन नष्ट किए गए, जबकि 5 मिसाइलें समुद्र में गिरीं।
शेष 14 ड्रोन देश के विभिन्न हिस्सों और जलक्षेत्र में गिरे, जिससे मामूली नुकसान हुआ। दुबई सरकार मीडिया कार्यालय ने बताया कि वायु रक्षा द्वारा गिराए गए ड्रोन का मलबा दो घरों में गिरा, जिससे दो लोग घायल हुए और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता मिली।
यूएई ने इसे खतरनाक उकसावे वाली कार्रवाई कहा
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों को राष्ट्रीय संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन बताया। मंत्रालय ने इसे एक खतरनाक उकसावे वाली कार्रवाई कहा, जो क्षेत्र की स्थिरता और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालती है।












Click it and Unblock the Notifications