पाकिस्तान ने दिखाए तेवर तो अमेरिका ने मरोड़ दी बांह, इस प्रतिबंधित लिस्ट में किया शामिल
अमेरिका ने पाकिस्तान को बहुत बड़ा झटका दिया है और उसे चाइल्ड सोल्जर्स प्रिवेंशन एक्ट की सूची में शामिल कर लिया है, जिससे पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध लग सकते हैं।
वॉशिंगटन, जुलाई 03: चीन के चक्कर में अमेरिका को पिछले एक हफ्ते में दो बार बुरी तरह कोसने वाले पाकिस्तान की अमेरिका ने बांह मरोड़ दी है। पिछले एक हफ्ते में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अमेरिका पर कई बड़े आरोप लगाए हैं। एक आरोप में इमरान खान ने यहां तक कह दिया कि चीन से दोस्ती तोड़ने के लिए अमेरिका पाकिस्तान पर दवाब बना रहा है। वहीं, अब पाकिस्तान को अमेरिका ने बहुत बड़ा झटका दिया है।

पाकिस्तान को बड़ा झटका
चाइल्ड सोल्जर्स प्रिवेंशन एक्ट की सूची में अमेरिका ने 14 देशों के साथ पाकिस्तान को भी शामिल कर लिया है। ये कानून उन विदेशी सरकारों की पहचान करता है, जो छोटे छोटे बच्चों को भी अपनी सेना में भर्ती करता है या फिर सेना के अलग अलग कामों में लगाता है, जिसमें हथियार शामिल रहता है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस सूची में पाकिस्तान के शामिल होने से बाद उसके कई कई तरह के प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। जो पाकिस्तान के लिए कई बड़े मुश्किलें पैदा कर सकता है। पाकिस्तान पहले ही एफएटीएफ की मार झेल रहा है, ऐसे में अगर उसके ऊपर कई तरह के और प्रतिबंध लगते हैं तो फिर पाकिस्तान के लिए कई मुश्किलें पैदा हो सकती हैं।

पाकिस्तान के साथ तुर्की भी शामिल
अमेरिकी विदेश विभाग की वार्षिक टीआईपी सूची में पाकिस्तान के अलावा तुर्की, अफगानिस्तान, म्यांमार, कांगो, ईरान, इराक, लीबिया, माली, नाइजीरिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया, वेनेजुएला और यमन को भी शामिल किया गया है। अमेरिका का चाइल्ड सोल्जर्स प्रोटेक्शन एक्ट के तहत उन देशों की पहचान करता है, जिन्होंने पिछले एक साल में अपनी फौज में बाल सैनिकों की भर्ती की है या फिर उनका सैन्य गतिविधियों में इस्तेमाल किया है। इस लिस्ट में शामिल होने वाले देशों पर अमेरिका कई तरह की सुरक्षा सहायता, सैन्य उपकरणों के इस्तेमाल समेत कई तरह की कॉमर्शियल गतिविधियों में शामिल होने पर प्रतिबंध लगा देता है।

एनसीसी कैडटों को सीमा पर भेजा
पाकिस्तान पर इल्जाम है कि पिछले साल उसने एनसीसी कैडटों को सीमा पर भेज दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल इमरान खान ने देश के एनसीसी कैडटों को सीमा पर भेजने के लिए कह दिया था और पाकिस्तान में इमरान खान के आदेश पर अमल भी किया गया था। जिसमें कई छोटे छोटे बच्चे भी सीमा पर भेज दिए गये थे। जिसके बाद अमेरिका ने पाकिस्तान और तुर्की जैसे देशों के खिलाफ ये कदम उठाया है। आपको बता दें कि हाल ही में एफएटीफ ने पाकिस्तान को ग्रे लिस्ट में बरकरार रखा था। एफएटीएफ ने साफ तौर पर कहा था कि पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकी संगठनों और हाफिज सईद, मसूद अजहर जैसे आतंकियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी होगी। इतना ही नहीं, पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर अपनी कमियों को दूर करने के लिए काम करना जारी रखना होगा। एफएटीएफ प्रमुख मार्कस प्लेयर ने कहा था कि पाकिस्तानी सरकार आतंकी फंडिंग पर लगाम लगाने में नाकाम रही है।

पाकिस्तान की प्रतिक्रिया
अमेरिका द्वारा लगाए गये प्रतिबंध के बाद पाकिस्तान बौखला गया है और उसने अमेरिका से अपने फैसले पर फिर से विचार करने के लिए कहा है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि ''अमेरिका की तरफ से बनाई गई इस रिपोर्ट में तथ्यात्मक गलतियां और समझ की कमी है'' और वॉशिंगटन को अपने ''आधारहीन दावे'' पर फिर से रिव्यू करना चाहिए। पाकिस्तान ने अमेरिकी रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि ''अमेरिका की तरफ से इस रिपोर्ट को बनाने से पहले किसी भी सरकारी विभाग से संपर्क नहीं किया गया और ना ही पाकिस्तान सरकार से ही बातचीत की गई।'' पाकिस्तान ने कहा कि ''प्रतिबंधित लिस्ट में पाकिस्तान को क्यों शामिल किया गया है, इसकी कोई वजह भी नहीं दी गई है''। आपको बता दें कि अमेरिका द्वारा इस लिस्ट में शामिल करने के बाद पाकिस्तान को अमेरिका समेत यूरोपीय संघ और अमेरिका के दोस्त देशों से किसी भी तरह का हथियारों को लेकर मदद नहीं मिलेगा और कई तरह के व्यापार पर भी प्रतिबंध लगा दिए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications