अमेरिका का अजीब डॉक्टर: सर्जरी करते वक्त कोर्ट में ट्रायल के लिए हुआ पेश, जानिए वीडियो देख जज ने क्या कहा
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक डॉक्टर मरीज का ऑपरेशन करते वक्त कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान पेश हो गया। जानिए जज ने डॉक्टर से क्या कहा।
वाशिंगटन: अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक अजीब डॉक्टर के कारनामे की चर्चा हर तरफ हो रही है। कारनामा इसलिए क्योंकि एक डॉक्टर मरीज का ऑपरेशन करते वक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश गया। उसकी स्थिति देख खुद जज भी हैरान परेशान रह गये।

सर्जरी और कोर्ट में पेशी साथ साथ
अमेरिका के कैलिफोर्निया की ये घटना है जहां प्लास्टिक सर्जन डॉ. स्कॉट ग्रीन को कोर्ट में पेश होना था। प्लास्टिक सर्जन डॉ. स्कॉट ग्रीन को जज के सामने कोरोना वायरस की वजह से वीडियो कॉल पर ही पेश होना था। तय वक्त पर डॉ. स्कॉट जज के सामने पेश भी हुए मगर उस वक्त जो नजारा था उसे देख जज साहब भी चौंक गये। डॉ. स्कॉट ग्रीन सर्जरी रूम में एक मरीज के साथ थे। मरीज सर्जरी टेबल पर लेटा हुआ था और उसकी सर्जरी की जा रही थी। जज के आते ही डॉक्टर ने मरीज का सर्जरी करना बंद कर दिया और जज के सामने पेश हो गये। डॉक्टर ग्रीन पर ट्रैफिक निमय तोड़ने का आरोप लगा था।
जज करते हैं नई तारीख देने की बात
कोर्ट की पेशी शुरू होती है और सुनवाई शुरू करते ही जज डॉक्टर ग्रीन से कहते हैं कि 'डॉक्टर ग्रीन आप सुनवाई के दौरान एक मरीज का ऑपरेशन करते हुए दिख रहे हैं और मैं मरीज के लिए चिंतित हो रहा हूं'। जिसपर डॉक्टर ग्रीन कहते दिख रहे हैं कि 'कोई बात नहीं जज साहब, मेरे साथ एक और डॉक्टर मौजूद हैं'। डॉक्टर ग्रीन की बात सुनकर जज नई तारीख देने की बात करते हैं मगर डॉक्टर ग्रीन नई तारीख लेने से इनकार कर देते हैं। वहीं, डॉक्टर ग्रीन और जज के बीच हो रही बातचीत की लाइव स्ट्रीमिंग हो रही थी और बैकग्राउंड से मशीनों की बीप-बीप की आवाज भी आ रही थी। सुनवाई के दौरान जज बार बार कहते दिख रहे थे कि उन्हें मरीज की सेहत को लेकर परेशानी हो रही है मगर डॉक्टर ग्रीन ने नई तारीख लेने से मना कर दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
'सर्जरी और कोर्ट में पेशी एक साथ' का ये वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। जिसके बाद कैलिफोर्निया मेडिकल बोर्ड ने बयान जारी कर कहा है कि वो पूरे मामले की जांच करेगा। वहीं, सुनवाई के दौरान कोर्ट रूम क्लर्क भी कहते नजर आते हैं कि 'डॉक्टर ग्रीन इस वक्त आप सर्जरी कर रहे हैं तो हम नई तारीख ले सकते हैं'। जिसपर डॉक्टर ग्रीन कहते हैं कि उन्हें इस वक्त भी कोई दिक्कत नहीं है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग इस डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं क्योंकि इसने एक मरीज की जान को खतरे में डाला है।












Click it and Unblock the Notifications