'भीख का कटोरा फेंक दें पाकिस्तानी', PAK सेना प्रमुख ने जनता को ललकारा, भाषण से होगा संकट खत्म?
पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने विदेशी ऋणों पर निर्भरता खत्म करने के लिए मुल्क की अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने की बात कही है। सेना प्रमुख मुनीर ने कहा कि सभी पाकिस्तानियों को भीख का कटोरा बाहर फेंक देना चाहिए।
सेना प्रमुख ने सोमवार को खानेवाल मॉडल कृषि फार्म के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना को अपने राष्ट्र की सेवा करने पर गर्व है। हमने यह फैसला लिया है कि जब तक पाकिस्तान मौजूदा संकट से बाहर नहीं निकल जाता, सेना आराम से नहीं बैठेगी।

जनरल मुनीर ने कहा कि अल्लाह सर्वशक्तिमान है। उसने पाकिस्तान को सभी आशीर्वादों से नवाजा है। दुनिया की कोई भी ताकत देश की प्रगति को रोक नहीं सकती है। मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान एक गौरवान्वित, उत्साही और प्रतिभाशाली राष्ट्र हैं। सभी पाकिस्तानियों को भिखारी का कटोरा बाहर फेंक देना चाहिए।
जनरल ने कहा कि देश मां होती है और लोगों और राज्य के बीच का रिश्ता प्यार और सम्मान का होता है। जनरल ने कहा कि सुरक्षा और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। दोनों एक-दूसरे के लिए अपरिहार्य हैं।
मॉडल कृषि फार्म के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए जनरल ने कहा कि ये देश कृषि क्रांति का गवाह बनेगा। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों को लाभ पहुंचाने और हरित पहल का दायरा फैलाने के लिए आधुनिक मानकों के अनुरूप देश भर में मॉडल फार्म स्थापित किए जाएंगे।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही IMF ने पाकिस्तान को स्टाफ लेवल एग्रीमेंट के तहत 3 अरब डॉलर का कर्ज देने के फैसले को मंजूरी दी थी। IMF और पाकिस्तान की सरकार के बीच 9 महीने का स्टैंड-बाय अरेंजमेंट हुआ।
इसी महीने 11 जुलाई को सऊदी अरब ने पाकिस्तान को 2 अरब अमेरिकी डॉलर की मदद की थी। इसके अगले ही दिन UAE ने भी पाकिस्तान को 1 अरब डॉलर की मदद दी।












Click it and Unblock the Notifications