पुतिन के कट्टर विरोधी नेता एलेक्सी नवलनी का मॉस्को में कल होगा अंतिम संस्कार, पत्नी ने जताया गिरफ्तारी का डर
रूसी विपक्षी राजनेता एलेक्सी नवलनी का अंतिम संस्कार शुक्रवार को मॉस्को में होगा। उनकी पत्नी यूलिया ने इसकी घोषणा की है। नवलनी के प्रवक्ता किरा यर्मिश ने एक्स पर पोस्ट किया कि नवलनी का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर को मैरीनो के मॉस्को जिले में चर्च ऑफ द आइकॉन ऑफ द मदर ऑफ गॉड में आयोजित किया जाएगा।
नवलनी यहीं पर रहते थे। इसके बाद नवलनी को मोस्कवा नदी के दूसरी ओर लगभग 2.5 किमी (1.5 मील) दूर बोरिसोवस्कॉय कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। रूस में पुतिन के विरोध का प्रतीक बन चुके नवलनी की 16 फरवरी को आर्कटिक इलाके के एक जेल में मौत हो गई थी।

रूसी अधिकारियों का कहना है कि उनकी मौत की वजह का अबतक पता नहीं चला है। अलेक्सी नवलनी की पत्नी यूलिया ने कहा कि वह अभी तक इस बार को लेकर निश्चिंत नहीं हैं कि ये कार्य शांति से संपन्न हो पाएगा।
रॉयटर्स के एक रिपोर्टर ने बुधवार को बर्फ से ढके कब्रिस्तान में तीन पुलिस गश्ती दल को देखा था। नवलनी के सहयोगियों ने बताया कि इससे पहले एक हॉल में ये कार्यक्रम होने वाला था लेकिन इसे क्रेमलिन ने विफल कर दिया। क्रेमलिन ने कहा कि उसका ऐसी व्यवस्थाओं से कोई लेना-देना नहीं है।
नवलनी की पत्नी यूलिया ने एक्स पर लिखा, दो लोग - व्लादिमीर पुतिन और सर्गेई सोबयानिन जो कि मॉस्को के मेयर हैं, इसके लिए दोषी हैं। उनके पास एलेक्सी को विदाई देने के लिए कोई जगह नहीं है। क्रेमलिन में लोगों ने उसे मार डाला, फिर एलेक्सी के शरीर का मज़ाक उड़ाया, फिर उसकी मां का मज़ाक उड़ाया, अब वे उसके अंतिम संस्कार का मज़ाक उड़ा रहे हैं।
यूलिया ने स्ट्रासबर्ग में यूरोपीय संसद में एक भाषण में कहा कि अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा और मुझे अभी तक यकीन नहीं है कि यह शांतिपूर्ण होगा या पुलिस उन लोगों को गिरफ्तार नहीं करेगी जो मेरे पति को अलविदा कहने आएंगे।
नवलनी के सहयोगियों ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर उनकी हत्या कराने का आरोप लगाया है क्योंकि रूसी नेता कथित तौर पर संभावित कैदी अदला-बदली में नवलनी की रिहाई के विचार को बर्दाश्त नहीं कर सके थे। हालांकि क्रेमलिन ने इससे इनकार किया है। नवलनी के समर्थकों के मुताबिक मृत्यु प्रमाण पत्र में नवलनी की मौत को एक प्राकृतिक मौत करार दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications